गैराज की खिड़की एवं दीवार तोड़कर हजारों की चोरी
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। शहर के स्टेशन रोड स्थित एक गैराज को चोरों ने निशाना बनाते हुए खिड़की और दीवार तोड़कर ट्रैक्टर के कीमती उपकरण समेत अन्य सामान पार कर दिया। पीड़ितों ने कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग किया है। महेश्वरी देवी चौराहा निवासी निर्मल उर्फ लालाजी पुत्र स्वर्गीय हनुमान प्रसाद और बाकरगंज निवासी राजा मिश्री पुत्र शिवमोहन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका गैराज स्टेशन रोड स्थित डिलाहागंज मीडिया हाउस के पास है। 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे वे गैराज बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 18 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे जब गैराज पहुंचे तो खिड़की और दीवार टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो चोर ट्रैक्टर के दो सेल्फ, चार अल्टीनेटर, तीन बैटरी सहित कई कीमती टूल्स चोरी कर ले गए थे। चोरी की घटना 17 नवंबर की रात की बताई गई है। पीड़ितों के मुताबिक चोरी से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कोतवाली नगर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच और चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग किया है।











