बनारस कोचिंग डिपो में संरक्षा विभाग एवं एनडीआरएफ टीम ने फुल स्केल मॉकड्रिल का किया संयुक्त अभ्यास
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय/जितेन्द्र चौधरी
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मण्डल यात्रियों को सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सतत् सदैव प्रयत्नशील हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में संरक्षा परीक्षण एवं रेल कर्मियों तथा जिला प्रशासन की तत्परता की जांच हेतु वाराणसी मंडल की मंडलीय टीम एवं संरक्षा विभाग द्वारा एन.डी.आर.एफ. की 11वीं बटालियन के साथ आज पूर्वाहन 11:20 बजे बनारस कोचिंग डिपो यार्ड में फुल स्केल मॉकड्रिल का संयुक्त अभ्यास किया गया। इस फुल स्केल मॉकड्रिल में घटनास्थल पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक वर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (तृतीय) आयुष सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एण्ड वैगन) अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुवंर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक सिंह, जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक पशुपति नाथ मिश्रा, कोचिंग डिपो अधिकारी/बनारस हरिशंकर कुमार, सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त एन.एम.यादव, सहायक मंडल इंजीनियर (लाइन) मुक्ता सिंह, स्टेशन डायरेक्टर बनारस रामजी यादव, मंडल चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आरजे चौधुरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा आरआर सिंह, डा नीरज कुमार, डा आशीष गुप्ता समेत एन.डी.आर.एफ. की 11वीं बटालियन के डिप्टी कमान्डेंट रवि सिंह, निरीक्षक यादव कृष्णा एवं संरक्षा विभाग के वरिष्ठ पर्यवेक्षकगण और कर्मचारियों ने राहत और बचाव कार्य में अपना अहम योगदान दिया। मंडल कार्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) अजय कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी व नियंत्रक मौजूद थे।
नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या डाउन MBD स्पेशल ट्रेन (00315) का 5वां कोच संख्या 023426, बनारस–वाराणसी जं रेल खण्ड के मध्य OHE के पोल संख्या एल एम/4-एस एल/4 के निकट, बनारस यार्ड की लाइन नंबर 24 पर डिरेल हो गया है जिसमें 5 यात्रियों के घायल होने की सूचना प्रसारित की गई। घटना की सूचना मिलते ही ART, ARME (दुर्घटना राहत यान एवं चिकित्सा राहत यान) को तत्काल दुर्घटना स्थल के लिए रवाना किया गया तथा सम्बन्धित अधिकारी एवं पर्यवेक्षक घटना स्थल पर पहुँच गये। साथ ही NDRF, RPF, स्थानीय पुलिस, स्काउट एंड गाइड के वॉलंटियर्स तथा रेलवे चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल स्टाफ भी घटनास्थल पर आये। राहत एवं बचाव कार्य में सभी ने अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन किया तथा यह मॉक ड्रिल पूर्णरूप से सफल रहा।
इसी क्रम में क्रमशः दुर्घटना की प्लाटिंग की गई तथा प्राथमिक सूचना का प्रसारण किया गया। घटनास्थल पर दुर्घटना राहत यान एवं चिकित्सा राहत यान का तत्काल पहुंचना, सभी तकनीकों का प्रयोग कर राहत व बचाव कार्य करना, साईट पर अस्थाई नियन्त्रण केंद्र स्थापित करना, प्रोटोकाल के अनुसार कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा दुर्घटना साईट पर पहुँच कर अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन, दुर्घटना प्रभावों को न्यूनतम करने हेतु त्वरित कार्य करना एवं यात्रियों को संरक्षित ढंग से निकाला जाना, संरक्षा सम्बन्धी अन्य कार्य- आपातकालीन खिड़कियाँ खोलना/ कटर एवं वेल्डिंग मशीन का प्रयोग कर फंसे यात्रियों को निकालना, प्राथमिक उपचार देना, आपातकालीन परिस्थितियों में प्रबंधन, आपदा निवारण टूल्स के प्रयोग से ट्रैक क्लियरेंस, कोच रिस्टोरेशन एवं सामान्य वर्किंग बहाल करने का कार्य किया गया। मॉकड्रिल के समापन और समीक्षा के बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक वर्मा ने बताया कि आज की संरक्षा मॉक ड्रिल में समुचित प्रबंधन द्वारा रेलवे एवं एनडीआरएफ टीम के संयुक्त प्रयासों से राहत और बचाव कार्य के साथ रेस्टोरेशन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।











