राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद
कोविड प्रभावित बेटियों को वितरित किये गये लैपटॉप
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग भारत सरकार की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं उद्यमशील बनाने के साथ उन्हें आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती रहाटकर ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना किया। साथ ही कहा कि महिलाएं आज अपनी मेहनत, प्रतिभा और कौशल के बल पर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं को केवल आजीविका तक सीमित न रहकर अपने कार्यों को व्यवस्थित उद्यम के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। देश भर में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से ‘लखपति दीदी’ बनने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि लखपति दीदी का उद्देश्य महिलाओं को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये अथवा उससे अधिक की आय अर्जित करने में सक्षम बनाना है जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़े और परिवार एवं समाज में उनकी आर्थिक भागीदारी सशक्त हो।
अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी व्यवसाय को शुरू करने अथवा उसका विस्तार करने में पूंजी की कमी बाधा नहीं बननी चाहिए। इसके लिए महिलाओं को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करके उनका लाभ उठाना चाहिए। मुद्रा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को बिना किसी कोलेटरल सिक्योरिटी के ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। उन्होंने महिलाओं को बैंकिंग प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा अपने उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कोविड महामारी से प्रभावित परिवारों की बेटियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा और तकनीक आज सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी हैं। लैपटॉप के माध्यम से छात्राएं अपनी पढ़ाई को और बेहतर बना सकेंगी तथा डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि कर सकेंगी। उन्होंने बेटियों को पूरी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त करने तथा जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अर्चना मिश्रा, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











