खेत में जलती पराली बुझाकर किसानों को किया गया जागरूक
तेजस टूडे सं.
महेश वर्मा
बृजमनगंज, महराजगंज। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र में भ्रमण के दौरान एडीओ एजी सच्चिदानंद कुमार ने सोनाबंदी, विश्रामपुर, बभनी बुजुर्ग खेत में जलती पराली को स्वयं बुझाकर किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पराली जलाना खेत, पर्यावरण और सेहत तीनों के लिए नुकसानदायक है। एडीओ एजी ने किसानों को बताया कि पराली जलाने से खेत की मिट्टी की उर्वरता नष्ट हो जाती है। मिट्टी में मौजूद उपयोगी जीवाणु व केंचुए मर जाते हैं जिससे अगली फसल की पैदावार घट जाती है। धुएं से वायु प्रदूषण बढ़ता है और सांस, आंख व दमा के मरीजों को परेशानी होती है। उन्होंने पराली जलाने पर होने वाली कार्रवाई के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि पराली जलाना कानूनन अपराध है। पकड़े जाने पर जुर्माना, सरकारी योजनाओं व अनुदान से वंचित होना और कानूनी कार्रवाई हो सकती है। शासन के निर्देश पर पराली जलाने की घटनाओं पर लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों को पराली के बेहतर प्रबंधन के उपाय भी बताया। साथ ही कहा कि पराली को खेत में मिलाकर, सड़ाकर जैविक खाद बनाएं, पशुओं के चारे के रूप में प्रयोग करें या हैप्पी सीडर, सुपर सीडर जैसे यंत्रों से बुआई करें। इससे खाद की बचत होगी और खेत की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी।











