देवोत्थान एकादशी पर गंगा स्नान को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
तेजस टूडे ब्यूरो दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी का पर्व नगर सहित आस—पास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गंगा स्नान को लेकर सुबह से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवोत्थान एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इस दिन व्रत, गंगा स्नान, दान और भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है।
एकादशी पर महिलाओं में तुलसी विवाह को लेकर भी विशेष उत्साह देखने को मिला। घरों में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह की तैयारियां की गईं। तुलसी के पौधे को चुनरी, फूल-माला और दीपों से सजाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराने की तैयारियां की गईं।
वहीं पर्व को लेकर नगर के बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। पूजा सामग्री, फूल-माला, फल और मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। विशेष रूप से तुलसी विवाह के लिए आवश्यक पूजन सामग्री की खरीदारी में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गंगा घाटों से लेकर बाजारों तक पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और आस्था के साथ देवोत्थान एकादशी का पर्व मनाया।











