अपर पुलिस महानिदेशक ने चुनाव के दृष्टिगत व्यापक समीक्षा करके दिया दिशा निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
मिर्ज़ापुर। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी, भयमुक्त और आदर्श आचार संहिता के अनुरूप संपन्न कराने के तहत अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) वाराणसी जोन, नवीन अरोरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक किया। बैठक में निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जिसमे जनशक्ति और पुलिस बल का आकलन: जोन के सभी 9 जनपदों में उपलब्ध कुल जनशक्ति के संख्यात्मक विवरण तथा आगामी चुनाव के दृष्टिगत मिलने वाले पुलिस बल की उपलब्धता की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात पुलिस, अभिसूचना ईकाई, लिपिकीय संवर्ग एवं चालक आदि के एक-एक कर्मी की समीक्षा कर ली जाए। शारीरिक रूप से कमजोर अथवा अक्षम पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उन्हें चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखे जाने हेतु निर्देश दिये गये। वल्नरेबिलिटी और क्रिटिकल मैपिंग: चुनावी सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए वल्नरेबिलिटी मैपिंग और क्रिटिकल मैपिंग के कार्यों को पूरी सूक्ष्मता से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिये गये।
दंगा नियंत्रण उपकरणों की समीक्षा (Anti-Riot Equipment):- समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक अपने जनपदों के अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारीगण के माध्यम से पुलिस लाइन्स एवं थानों पर उपलब्ध संसाधनो (एंटी-रॉयट उपकरणों)—जैसे एंटी-रॉयट गन, गैस गन (टियर गैस गन, लॉन्ग/शॉर्ट रेंज रबर बुलेट), पंप एक्शन गन, पी.एम.एफ., चिली बम, पी.ए. सिस्टम, लाउड हेलर, बॉडी प्रोटेक्टर, शिन गार्ड, नी-गार्ड, एल्बो गार्ड, बी.पी. जैकेट, हेलमेट आदि का विधिवत् समीक्षा कर उन्हें तीन श्रेणियों (कार्य योग्य, मरम्मत योग्य और निष्प्रयोज्य) में विभक्त करते हुए कार्ययोजना तैयार कर लें तथा मरम्मत योग्य उपकरणों की यथाशीध्र मरम्मत करा लिया जाय। शस्त्रों की समीक्षा- पुलिस लाइन/थानों पर उपलब्ध शस्त्र (एके-47, एस0एल0आर0, इन्सास, स्टेन गन, कारबाइन, पिस्टल, रिवाल्वर आदि) का जी0पी0 लिस्ट से मिलान करा लिया जाय। आरमोरर पुलिस लाइन व थानों पर उपलब्ध शस्त्रों की विधिवत चेकिंग, आयलिंग, मरम्मत यथाशीघ्र कराये जाने हेतु निर्देश दिया गया।
इन आदेश के उपरांत एडीजी जोन ने सभी अधिकारियों से पूरी तत्परता और परिश्रम के साथ अभी से जुटने की अपेक्षा करते हुये स्पष्ट किया कि किसी भी दशा में तैयारी आधी-अधूरी न रहे। चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण एवं लम्बी प्रक्रिया है। प्रत्येक चुनाव अपने आपमें एक अलग अनुभव होता है। अतः सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं ताकि आगामी विधानसभा चुनाव पूर्णरूपेण सुरक्षित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में जोन के समस्त परिक्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG), समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, जनपदों के नोडल चुनाव अधिकारी/चुनाव सेल प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, रेडियो निरीक्षक, प्रभारी अभिसूचना इकाई तथा अग्निशमन अधिकारियों ने सहभागिता किया।











