22 नवम्बर को खीरी में ब्लैक आउट एवं एयर रेड की होगी मॉक ड्रिल
आपदा प्रबन्धन की तैयारियों को परखेगा प्रशासन
तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने, नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 22 नवंबर को जिले में ब्लैकआउट एवं एयर रेड (हवाई हमले की चेतावनी) को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित होगी। शाम छह बजे प्रस्तावित इस अभ्यास के माध्यम से प्रशासन विभिन्न विभागों, सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, आपसी समन्वय तथा राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता परखेगा। मॉकड्रिल की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर बुधवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यास संपन्न कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन एसडीएम/प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा कोर तनवीर अहमद ने किया।
जिलाधिकारी अंजनी सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी वास्तविक आपात स्थिति को उत्पन्न करना नहीं, बल्कि संभावित परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है। इसके जरिए आमजन को भी नागरिक सुरक्षा, ब्लैकआउट की प्रक्रिया और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और मॉक ड्रिल को गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराएं। आपात परिस्थितियों में जनहानि को न्यूनतम रखने के लिए प्रशासनिक तंत्र की सक्रियता, विभागीय समन्वय और आमजन की जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे अभ्यास से कमियों की पहचान कर भविष्य की तैयारियों को और बेहतर बनाया जा सकता है।
मॉक ड्रिल में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, एसएसबी पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित एजेंसियां प्रतिभाग करेंगी। होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एण्ड गाइड, आपदा मित्र, भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम और स्वयंसेवी संगठनों की भी सहभागिता रहेगी। बैठक में एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह, एएसपी (पश्चिमी) अमित राय, सीओ सिटी महक शर्मा, तहसीलदार मुकेश कुमार, चीफ वार्डेन (नागरिक सुरक्षा कोर) डॉ वीबी धुरिया, डीआईओएस विनोद मिश्र, जिला अग्निशमन अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी सुरेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे।











