गम्भीर होती जा रही अतिक्रमण की समस्या
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
उतरौला, बलरामपुर। स्थानीय नगर में अतिक्रमण की समस्या गंभीर होती जा रही है जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य बाजार और प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमणकारियों का बोलबाला है, जिसके चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हालांकि, आदर्श नगर पालिका परिषद उतरौला द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार चेतावनी दी गई लेकिन यह कार्यवाही केवल कागजों तक ही सीमित रही। नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। अतिक्रमण के लिए सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारियों के साथ-साथ ऑटो रिक्शा चालकों की भूमिका भी कम नहीं है। दुकानदार सड़क के पटरियों पर कब्जा जमाकर अपने सामान को फैलाते हैं जिससे पैदल चलने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, ऑटो रिक्शा चालक भी जहां-तहां अपने वाहन खड़ा कर देते हैं जिससे यातायात जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। ऑटो चालकों द्वारा बेतरतीब ढंग से यात्रियों को उतारने और बैठाने के कारण सड़कों पर अव्यवस्था फैल जाती है। मुख्य बाजार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहा, अम्बेडकर चौराहा, सब्जी मंडी तथा फल मंडी जैसे प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात जाम रोजमर्रा की समस्या बन गई है। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं जिससे न केवल उनके समय की बर्बादी होती है बल्कि उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों में भी बाधा उत्पन्न होती है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ केवल औपचारिकताएं निभा रहा है। अतिक्रमण हटाने का कोई भी ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा है, जिससे यह समस्या और बढ़ती जा रही है। नगर पालिका प्रशासन के इस लचर रवैये से लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासी मांग कर रहे हैं कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। बाजार और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नियमित निरीक्षण और सख्त अभियान चलाने की जरूरत है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











