जिला अस्पताल के चौकी इंचार्ज पर सीएमएस दफ्तर में जबरन दाखिल होकर हंगामा का आरोप
दबंगई की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी हुई वायरल
अनुभव शुक्ला/संदीप पाण्डेय
रायबरेली। जिला अस्पताल चौकी की पुलिस पर सीएमएस दफ्तर में हंगामा किये जाने का गंभीर आरोप लगा है। यह आरोप जिला अस्पताल की सीएमएस डा. नीता साहू ने लगाया है। डा. साहू का आरोप है कि चौकी इंचार्ज बिना इजाजत उनके दफ्तर में साथी पुलिस कर्मियों के साथ घुस गए और नियम विरुद्ध काम के लिए दबाव डालने लगे। नियम विरुद्ध काम न करने से झल्लाये चौकी इंचार्ज ने दफ्तर के भीतर ही जमकर हंगामा किया है।

बाद में कोतवाल राघवन सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सीएमएस के यह कहे जाने पर कि आपके चौकी इंचार्ज बिना इजाजत मेरे दफ्तर में घुस गए तो कोतवाल ने कहा कि यह सार्वजनिक स्थान है कोई भी घुस सकता है। इस बात से नाराज सीएमएस ने उच्च अधिकारियों से कोतवाल और चौकी इंचार्ज की शिकायत किये जाने की बात कही है। दरअसल महाराजगंज थाने से संबंधित कोई कागज लेकर पैरोकार आया था। पैरोकार की सिफारिश में चौकी इंचार्ज प्रकाश पांडेय सीधे सीएसएस दफ्तर पहुंच गए। सीएमएस ने उनसे कहा कि इसे संबंधित कार्यालय में जमा करा दें। कानूनी कागज होने के कारण डाक पर चढ़कर आएगा तभी इस पर हस्ताक्षर होंगे। सीएमएस का आरोप है कि चौकी इंचार्ज इस बात से नाराज होकर नियम विरुद्ध हस्ताक्षर का दबाव बनाने लगा और मना करने पर हंगामा शुरू कर दिया।
उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाल ने भी सीएमएस दफ्तर को सार्वजनिक स्थान बता दिया। बता दें कि सीएमएस नीता साहू के आने के बाद से अस्पताल की अवैध गतिविधियों पर रोक लग गया है जैसे कि डाक्टर के टाइम पर न आना, ओपीडी में डाक्टरों का न बैठना या दलालों का अस्पताल में वर्चस्व रहना जैसी स्थिति पर अब रोक लगने लगा है जिससे अस्पताल में बगावती तेवर अब देखने को मिलने लगा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













