तम्बाकू का हर वर्ग में बढ़ता हुआ उपयोग एक महत्वपूर्ण जन स्वास्थ्य समस्या बन गया हैः सीएमओ
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत अधोहस्ताक्षरी कार्यालय के सभागार में एक गोष्ठी, शपथ ग्रहण एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान तम्बाकू के सेवन व धूम्रपान से होने वाले कैंसर तथा अन्य कई गैर-संचारी बीमारियों तथा सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेध और व्यापार, वाणिज्य, उत्पादन, प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) अधिनियम-2003 (कोटपा-2003) की विभिन्न धाराओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विजेन्द्र सिंह ने अवगत कराया कि तम्बाकू से होने वाली बीमारियों का खतरा भयावह है। तम्बाकू का हर वर्ग में बढ़ता हुआ उपयोग एक महत्वपूर्ण जन स्वास्थ्य समस्या बन गया है। भारत में प्रतिवर्ष करीब 10 लाख लोग तम्बाकू के उपयोग के कारण असमय मृत्यु का शिकार हो जाते है एवं 5500 नए युवा प्रतिदिन तम्बाकू का उपयोग प्रारम्भ करते है। आज के परिदृश्य में तम्बाकू एक ऐसी समस्या है जिस पर चौतरफा दृष्टिकोण के साथ कार्य करने से ही सकारात्मक नतीजे प्राप्त हो सकते हैं। धूम्रपान करने वाले व्यक्ति पर तम्बाकू का जितना गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है, उतना ही दुष्प्रभाव उसके आस-पास रहने वाले लोगों पर भी पड़ता है। जिसमें बुजुर्ग, बच्चे व महिलाएं शामिल हैं। तम्बाकू के उपयोग से कई घातक बीमारियाँ होती हैं जिसमें हृदय रोग, श्वसन रोग, मुख व आहारनाल का कैंसर प्रमुखता से हैं। जिसके लिए सभी सरकारी विभागों एवं गैर सरकारी संस्थानों को समाज में आवश्यक जागरूकता फैलाने एवं तम्बाकू प्रयोग के रोकथाम हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। जिला सलाहकार ने तम्बाकू उद्योग की तकनीकों पर भी ध्यान आकर्षित कराया, जो समय के साथ अधिकतम लाभ कमाने के लिए युवाओं को लक्ष्य बनाते हैं। उपरोक्त कार्यक्रम के अंतर्गत पिछले वर्ष जनपद के 140 विद्यालयों को तम्बाकू मुक्त घोषित किया गया। जिसके अंतर्गत येलो लाइन कैम्पेन चलाते हुए प्रत्येक विद्यालय के मुख्य द्वार के फर्श पर येलो पेंट से तम्बाकू मुक्त विद्यालयष् लिखाया गया, दीवार लेखन कराया गया तथा धूम्रपान/तम्बाकू निषेध क्षेत्र के साइनेज व पोस्टर्स भी लगवाये गये। उपरोक्त प्रक्रिया इस वर्ष भी अगले 140 विद्यालयों में दोहराई जायेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






