हाईवे पर हिंसा का दृश्य: युवक की पिटाई का वीडियो वायरल
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी/राजेश द्विवेदी
शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। जनपद में हाईवे के किनारे, जहां आमतौर पर चाय के खोमचे और गुजरते मुसाफिरों की चहल-पहल होती है, वहीं एक दिन पहले कुछ अलग ही मंजर देखने को मिला। चार युवकों ने मिलकर एक युवक को सड़क पर गिरा दिया और फिर उस पर लात-घूंसे बरसाने लगे। यह पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति के मोबाइल कैमरे में कैद हो गई जो अब इंटरनेट पर तेजी से फैल रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई थी। युवक ने अपशब्द कहे जाने का विरोध किया लेकिन यह विरोध उसे भारी पड़ गया। चारों हमलावरों ने मिलकर उसे घेर लिया और देखते ही देखते वह सरेआम पिटाई का शिकार बन गया।
——इनसेट——
वीडियो देख दहल गये लोग मगर थाने तक नहीं पहुंचा मामला
चौंकाने वाली बात यह है कि इस हिंसा का शिकार बना युवक अब तक सामने नहीं आया है। न उसने शिकायत की है और न ही पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शिकोहाबाद थाने के प्रभारी अनुज कुमार राणा का कहना है, “अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि पीड़ित सामने आता है तो कार्रवाई की जाएगी।”
——इनसेट——
मौन क्यों है समाज?
सवाल यह भी है कि आखिर जब एक युवक की सरेआम पिटाई होती है तो बाकी लोग मूकदर्शक क्यों बने रहते हैं? क्या अब कैमरे में कैद करना, किसी को बचाने से ज्यादा अहम हो गया है?
——इनसेट——
न्याय के इंतजार में एक चेहरा
वह युवक कौन था? क्यों चुप है? और क्या डर के चलते उसने चुप्पी साध ली है? ये सारे सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। लेकिन जो स्पष्ट है— वह यह कि भीड़भाड़ वाले इलाके में हो रही हिंसा अब असामान्य नहीं रह गई है। शिकोहाबाद नगर में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन पुलिस प्रशासन में अपराधियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करता है जिससे लोगों का पुलिस से विश्वास उठता जा रहा है। थाना पुलिस की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की जाती है, फिर भी कोई कार्यवाही नहीं होती?
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














