ट्रेन की चपेट से सेवानिवृत्त सैनिक की हुई मौत
अजय जायसवाल
गोरखपुर। कैंट रेलवे स्टेशन से पिपराइच की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से 45 वर्षीय रिटायर्ड सैन्य कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना 3 ए नंदानगर न्यू प्रोजेक्ट समपार की है। जानकारी के अनुसार संतकबीरनगर के मेंहदावल उत्तरपट्टी निवासी अरुण सिंह पुत्र विष्णुदेव सिंह विगत 5 वर्षों से शाहपुर थाना क्षेत्र के झरनाटोला चौकी अन्तर्गत दरगहिया में मकान बनवाकर रह रहे थे।
वर्ष 2021 में वे सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जाता है कि सोमवार रात 8 बजे वे घर से सामान खरीदने नंदानगर बाजार आए थे। इस दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वे छावनी रेलवे स्टेशन से पिपराइच की ओर तेज गति से जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गये जिससे सिर का हिस्सा कट जाने से उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी व दो नाबालिग पुत्र छोड़ गए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि शव के पास से मृतक का हवाई चप्पल व बरामद किया गया है।