संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की हुई मौत, हत्या का आरोप
अजय जायसवाल
गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल सखनी निवासी रामकिशुन की पत्नी बिंदु देवी की खाना खाने के बाद हालत बिगड़ने लगी। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर जुटे आस-पास के लोग महराजगंज के पनियरा कस्बे में इलाज कराने के लिए ले गए। प्राइवेट चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने के बाद मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर जाना चाहते थे तभी चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। इधर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने पति, ससुर एवं सास के विरुद्ध तहरीर देकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौराहा निवासी मृतका की मां यशोदा देवी ने तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। मायके वालों का आरोप है कि उसके दामाद राम किशुन का गांव के ही किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है जिसका विरोध उनकी बेटी करती रहती थी। विरोध करने पर उसकी सास द्रौपदी देवी, पति रामकिशुन एवं ससुर सूर्यनाथ पर भी मारने पीटने का आरोप है। आरोप है कि नाजायज संबंध में आड़े आने पर ही उसकी बेटी को जहर देकर मारा गया है। मृतिका विवाहिता के दो बेटे और दो बेटियां भी हैं। मायके वालों का आरोप है कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचने पर उनका दामाद फरार हो गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि मायके वालों की तरफ से तहरीर मिली है। मामले की जांच कराने के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।