बाढ़ प्रभावित गांवों में बचाव व राहत कार्य जारी: डीएम
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। सरयू नदी के बढ़ते हुए जलस्तर से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है।ज़िलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि जनपद में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। प्रभावित गांवों में बचाव और राहत कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन कार्यों का लगातार अनुश्रवण भी किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में समुचित साधन एवं सुविधाओं की पूर्ति की जा रही है। तहसील रामनगर अंतर्गत हेतमापुर बांध पर राहत शिविर में बतनेरा, हेतमापुर, लालपुर, कोडरी मजरों के प्रभावित कुल 540 व्यक्तियों को भोजन वितरित किया गया। रात्रि के लिए भी यही व्यवस्था है और इस क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की गई है।बंधे पर मेडिकल टीम व पशु चिकित्सा टीम मय एम्बुलेंस मौजूद रही जिसमें 145 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गईं। इसी के साथ ही 10 बड़े पशुओं का इलाज किया गया तथा दस पशुओं का टीकाकरण भी किया गया। क्षेत्र में 12 नावें संचालित हैं जिनका आमजन उपयोग कर रहे हैं। तहसीलदार कविता ठाकुर द्वारा स्वयं पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया गया। तहसीलदार द्वारा आबादी मजरे सरसंडा व बलाईपुर का भी निरीक्षण किया गया। उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट ने बताया कि उनके क्षेत्र में कोई गांव बाढ़ से प्रभावित नहीं है, पानी घट रहा है। उपजिलाधिकारी सिधौली के अनुसार उनके क्षेत्र में भी अभी तक बाढ़ से आबादी क्षेत्र प्रभावित नहीं है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










