जल भराव वाले क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में हुए जल भराव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि जनपद में अतिवृष्टि के कारण जल भराव एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। रामनगर तथा सिरौली गौसपुर में नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को बचाव एवं राहत कार्यों का लगातार निरीक्षण तथा अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए हैं। रामनगर क्षेत्र में विशेष रूप से सतर्कता की जा रही है। उप जिलाधिकारी, रामनगर ने बताया कि तहसील क्षेत्र में अतिवृष्टि से आवासीय 31 मकानों की क्षति हुई है। 10 कच्चा आंशिक तथा 21 आवासीय झोपड़ियां नष्ट हुई है। आकाशीय बिजली की चपेट में आकर बसन्ती पत्नी सरवन निवासी इब्राहिमपुर घायल हुई थी जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। अतिवृष्टि के कारण चैनपुरवा मजरे कजियापुर‚ गोसाई पुरवा मजरे अमोली कीरतपुर में जलभराव की स्थिति हो गई है‚ जहां पर आवागमन हेतु नाव की व्यवस्था की गई है। राजस्व ग्राम निजामुद्दीनपुर‚ खोजहानुपर‚ मानपुर की आबादी के चारो तरफ जलभराव से आवागमन बाधित होने पर तीनों राजस्व ग्रामों में नाव व्यवस्था संचालित की गई। बिरौली सम्पर्क मार्ग कट गया है बिन्दौरा नहर के किनारे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है‚ महमूदपुर सूरतगंज रोड पर खारजा का पुल क्षतिग्रस्त हुआ है। कन्दरवल कला-कन्दरवल खुर्द सीमा पर पुलिया मार्ग कट गया है‚ महादेवा-भैरमपुर मार्ग पर सरसवां पुल के पास मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। इस सम्बन्ध में अधिशाषी अभियन्ता सी.डी. 1 व सी.डी. 3 को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गये है। किसी भी जनहानि की घटना नहीं हुई है।उप ज़िलाधिकारी, सिरौलीगौसपुर ने बताया कि उनके क्षेत्र में सरयू का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है तथा तेजी से बढ़ भी रहा है। लेकिन ग्रामीणों में आवागमन सामान्य है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










