राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर हुई बैठक
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरवीर सिंह के निर्देश के आलोक में दिनांक 9 दिसंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन के सफलता हेतु अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद श्री यजुवेन्द्र विक्रम सिंह के प्रकोष्ठ में बैंकों के साथ बैठक हुुई। इस बैठक का उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत जो 9 दिसम्बर 2023 को प्रस्तावित है, में ज्यादा से ज्यादा बैंक लोन मैटर को सफल बनाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद के सचिव श्री यजुवेन्द्र विक्रम सिंह ने समस्त बैंक प्रबन्धकों को निर्देश दिया कि ऐसे लोन मैटर जो आपसी सुलह से निपटाए जा सकते हैं, में संबंधित पक्षकार को नोटिस भेजें तथा उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल कर सफलतापूर्वक निस्तारण करें। लोक अदालत के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु बैंक प्रबन्धकों को निर्देश दिया गया है कि इस कार्य में पहल करते हुए अपनी शाखा एवं आसपास राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रचार प्रसार में तेजी लाए जिससे लोगों को जागरुक एवं प्रेरित किया जा सकें। बैंक लोन मामलों में आम जनता को ज्यादा से ज्यादा राहत पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया। बैंकों को चिन्हित मामलों में संबंधित लोन डिफाल्टर से प्री सिटिंग के माध्यम से मामले को सेटल करने का भी निर्देश दिया गया। बैंक के प्रबन्धकों से उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मामले का निष्पादन कराएं। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल करने में बैंक की अहम भूमिका होती है। अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बैंक के मामले का निष्पादन कराएं। इसी क्रम में कहा कि समय बहुत कम है और पूर्व से ही काफी बैंक ऋण के मामले लंबित है। जिसका निष्पादन होना अति आवश्यक है। इसी क्रम में प्राधिकरण के सचिव ने कहा कि बैंक से ऋण लेकर हजारों लोग कारोबार चलाते हैं और जो लोग समय पर बैंक का ऋण वापस नहीं करते उनके विरुद्ध बैंक सर्टिफिकेट केस दायर करती है। फिरोजाबाद जिले में दर्जनों रजिस्टर्ड बैंक हैं। इन बैंकों में लोन से संबंधित हजारों मामले लंबित हैं ऐसे मामलों का निष्पादन अति आवश्यक है। अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव, श्री यजुवेन्द्र विक्रम सिंह द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त बैंक प्रबंधकगण को निर्देशित किया गया कि वे आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में एनपीए एकाउंटस से संबंधित नोटिसों को शीघ्र-अति-शीघ्र कार्यालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद को प्रेषित करें, जिससे की प्राप्त नोटिसों को समय से तामिला कराया जा सके। बैठक में प्रबंधक लीड बैंक सुरेश करेरा भारतीय स्टेट बैंक, इण्डियन बैंक के प्रबन्धक संजय वार्ष्णेय, पंजाब एंड सिंध बैंक के प्रबन्धक मुनेन्द्र कुमार, बैंक ऑफ बडौदा मोहम्मद सोएब खान, आर्यवृत्त बैंक के प्रबन्धक हिमांशु कुशवाह, बैंक ऑफ इण्डिया के प्रतिनिधि राहुल वर्मा उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














