बिना चिकित्सा प्रमाण पत्र के मेले में नहीं मिलेगा जानवर को प्रवेश
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। देवा मेला की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार द्वारा मेला एवं प्रदर्शनी समिति की बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि मेला परिसर की सभी दीवारों को तत्काल पेंट किया जाए कोई भी दीवार शेड गन्दा नजर न आने पाए। देवा मेला एवं प्रदर्शनी को पूर्ण रूप से सुरक्षित सम्पन्न कराने के भरसक प्रयास किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेट्स की ड्यूटी भी लगाई जाए साथ ही उन्हें ड्यूटी से पूर्व प्रशिक्षित किया जाए। पानी के टैंकर टोटियों वाले लगाए जाएं तथा अस्थाई शौचालय को आधुनिक तकनीक से बनाए जाए ताकि गंदगी होने की संभावना कम से कम रहे। फोर बेड हॉस्पिटल में तीन पालियों में इमरजेंसी प्रशिक्षित डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाए तथा बच्चों के एक डॉक्टर की ड्यूटी लगाएं।पूरे मेला परिसर को सीसीटीवी से कवर किया जाए, फायर टेंडर सर्विस सतर्क रहें तथा खोया पाया केंद्र सुचारू रूप से चले, इसे भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले के सभी इंट्री प्वाइंट्स पर मेटल डिटेक्टर लगाया जाए। बैठक में पशु चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि लंपी बीमारी के कारण गोवंश के आवागमन पर प्रतिबन्ध है, इस कारण केवल अश्व प्रजाति के जानवर ही मेले में लाए जा सकते हैं। यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रजाति के जानवर को मेले में आने के लिए डाक्टर का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 5 जोन एवं 23 सेक्टर में बांटा जायेगा। सभी स्थलों पर पीए सिस्टम सहित पर्याप्त मात्रा में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किये जायेंगे, तथा एलईडी स्थापित कर सम्पूर्ण मेले पर पैनी नजर रखी जायेगी। मेला क्षेत्र में वारसी इण्टर कालेज, भवन में अस्थाई मेला कोतवाली स्थापित की जायेगी, अस्थाई पुलिस लाइन व मेला कन्ट्रोल रूम की भी व्यवस्था रहेगी। मेला कन्ट्रोल रूम से शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था सम्बन्धी प्रबन्धन किया जायेगा। मेला क्षेत्र में आवश्यक स्थलों पर पुलिस वॉच टावर की व्यवस्था एवं एन्टी टेरेरिस्ट टीम का गठन तथा बम निरोधक दस्ते की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जायेगी। मेला परिसर में खोया पाया कैम्प स्थापित किया जायेगा। यह निर्दिष्ट किया गया कि उप जिलाधिकारी, नवाबगंज, क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देवा के साथ भ्रमण कर एक आपातकालीन कॉरिडोर, हेलीपैड हेतु स्थान, वॉच टावर के स्थान, बैरियर स्थल तथा पार्किंग के स्थान चिन्हित कर लें। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा यह सुझाव दिया गया कि सभी जोन के अन्तर्गत एक मेडिकल कैम्प की व्यवस्था तथा पुलिस अधिकारियों के साथ एक-एक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी जाये। अपर जिलाधिकारी सचिव, देवा मेला समिति द्वारा आश्वस्त किया गया कि प्रत्येक जोन में मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगायी जायेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।