तस्करी कर बिहार ले जायी जा रही 40 लाख रूपये की शराब बरामद
ट्रक से हो रही थी तस्करी, चालक व सहयोगी गिरफ्तार
एसटीएफ, कोतवाली नगर व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्यवाही में मिली सफलता
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। पंजाब से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही 290 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी गई है जिसकी कीमत 40 लाख रुपये बताई गई है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), कोतवाली नगर व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता प्राप्त हुई है। पकड़े गए लोगों में पंजाब के रोपड़ जिला के नूरपुरबेदी करतापुर निवासी महेंद्र पाल और पवन कुमार शामिल हैं।

अभियुक्तों की गिरफ्तारी नवीन मंडी क्षेत्र से की गई है। एसटीएफ को उत्तर प्रदेश में दिल्ली, पंजाब व हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की सूचना प्राप्त हो रही थी। मददगारों से मिली सूचना के अनुसार मंगलवार को नवीन मंडी ओवरब्रिज के पास एसटीएफ प्रयागराज की फील्ड यूनिट, कोतवाल देवेंद्र सिंह, आबकारी निरीक्षक हरेंद्र कृष्णन, जेपी सिंह व संजय पांडेय की संयुक्त टीम ने एक ट्रक को रोक कर तलाशी ली तो उसमें कपड़े, गद्दे, उपकरण और रुई के ढेर के नीचे शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक में मौजूद महेंद्र पाल और पवन को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि पंजाब के जिरखपुर मोहाली से नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल उर्फ लकी सिंह, ललित तेवतिया व नरेंद्र कुमार एक गिरोह बनाकर अंग्रेजी शराब की तस्करी देश के विभिन्न प्रांतों में करते हैं। नवदीप ने यह अवैध शराब मोहाली से बिहार के लिए भेजी थी। शराब किसे दी जानी थी, यह बिहार पहुंचने के बाद पता चलता। गिरफ्तार अभियुक्तगण ट्रक चालक व सहायक हैं। रुपये के लालच में अवैध अंग्रेजी शराब की ट्रक व अन्य वाहनों से तस्करी करते हैं, जिसके बदले उन्हें खाने-पीने इत्यादि खर्चे के अतिरिक्त 15 से 20 हजार रुपये प्रति फेरा तस्कर देते हैं। पकड़ी गयी अंग्रेजी शराब की शीशियों पर सुरक्षा होलोग्राम की प्रामाणिकता नहीं है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















