समाचार पत्रों में…पत्रिकाओं में…
एक पन्ना निवेश का….!
आज के दौर में आवश्यक अंग है
निवेश का फण्डा क्लियर करने में
हैं… लगभग सभी परेशान …!
कुछ के लिए जमीन में निवेश,
कुछ के लिये शेयर मार्केट में..या..
म्यूच्यूअल फंडों में निवेश…!
कमजोर दिल इंसान के लिये,
बीमा कंपनियों में निवेश…या..
फिक्स डिपाजिट का निवेश….!
मजबूत दिलवालों के लिये,
दलाल स्ट्रीट में निवेश की राय…!
बहुत मजबूत दिल इंसान के लिये
सूद-ब्याज पर निवेश की सलाह..
महिलाओं के लिये गहना-गढ़ाने…
या फिर.. सोने-चाँदी में निवेश,
मतलब निवेश ही निवेश की राय..
लगभग सबके पास है…!
अपना-अपना निवेश गुरु भी…
उद्देश्य एक ही… किसी भी तरह…
अधिक से अधिक धन कमाना…!
यहाँ कुकुरमुत्ते की तरह खुली हैं,
निवेश के फायदे ही फायदे,
गिनाने वाली दुकानें….!
हमारे-आपके लालची मन को
ललचाने वाली दुकानें….!
साथ ही मन को… आसानी से…
भरमाने वाली दुकानें….!
किसे धैर्य है..? किसे इंतजार है..?
आज के जमाने में….
श्रम और अतिरिक्त श्रम से,
धन-सम्पदा कमाने में…!
सभी व्यग्र हैं… बेचैन हैं….
निवेश और बस निवेश से ही…
जल्द से जल्द कमाकर,
धन-वैभव में आगे बढ़ जाने में…!
अफ़सोस है मित्रों…. यहाँ….!
कोई यह नहीं बताता है कि…
कृपया आप अपनी ही कंपनी में..
भरपूर निवेश कीजिए….
बाल-बच्चों को खूब पढ़ाइए,
उनको संस्कार का धन दीजिए,
सत्य-सदाचार सिखाइये,
शिक्षा-संस्कृति का धन दीजिए,
और… इसी कंपनी पर…..!
ज्यादा से ज्यादा विश्वास कीजिए
इसी में निवेश कीजिए….!
इसी में निवेश कीजिए….!
रचनाकार——जितेन्द्र दुबे
अपर पुलिस अधीक्षक
जनपद–कासगंज
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











