स्वास्थ्य निदेशक ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों से ली जानकारी
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. सीपी कश्यप ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, सीएचसी और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य संचारी रोगों को नियंत्रण करने की कार्य योजनाओं के संबंध में सीएमओ को कार्यालय के सभागार में बैठक भी ली। निदेशक के निरीक्षण में स्वास्थ्यकर्मी भी अलर्ट रहे। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सीपी कश्यप एवं अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य आगरा मंडल डॉ. चंद्रशेखर के साथ मदनपुर ब्लॉक स्थित बैलेंस सेंटर उमरी पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से जानकारी ली इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज पहुंचे। उन्होंने दवाओं के रखरखाव सहित बाड़ों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार लाने के निर्देश दिए। वह मेडिकल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चा वार्ड का निरीक्षण किया। डेंगू और वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली, दवा वितरण खिड़की, अल्ट्रासाउंड आदि का निरीक्षण किया। इसके बाद से डेंगू वार्ड में पहुंचे। उन्होंने यहां भर्ती मरीज रश्मि, निधि और सचिंद्र कुमार से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। प्लेटलेट्स और रक्त की उपलब्धता को चेक किया। इसके बाद सीएमओ कार्यालय के कक्ष में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान निदेशक ने आयुष्मान कार्ड, डेंगू, मलेरिया और संचारी रोगों के प्रकोप की स्थिति, सरकारी अस्पतालों में जांच और उपचार के बारे में जानकारी ली।














