ऑनलाइन गेमिंग की लत एवं पैसों के लालच में दोस्त की हुई थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह गांव में प्रिंस पटेल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी रितुराज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मृतक के बैंक खाते में जमा रकम के लालच में उसकी गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस के अनुसार बीते 2 नवंबर की रात प्रिंस पटेल आर्केस्ट्रा देखने गया था लेकिन घर वापस नहीं लौटा। 3 नवंबर को उसका शव प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले में मिला था। मृतक के नाना फूलचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर जगतपुर थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने जांच करते हुए शनिवार 7 नवम्बर को आरोपी रितुराज पुत्र रामबाबू निवासी पूरे त्रिलोक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी था। उसे जानकारी थी कि प्रिंस के बैंक खाते में काफी रुपये जमा हैं। इसी लालच में उसने हत्या की योजना बनाई और आर्केस्ट्रा देखकर लौट रहे प्रिंस की गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल से सिम निकालकर अपने फोन में लगाया और आधार कार्ड के जरिए फोनपे इंस्टॉल कर गेमिंग एप्लीकेशन दमन पर दो-दो हजार रुपये के रिचार्ज किये। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











