बड़े हनुमान मन्दिर में आयोजित 5 दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव सम्पन्न
तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। संगम स्थित श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में हनुमान पांच दिवसीय जन्मोत्सव का समापन शनिवार को हो गया। अंतिम दिन शनिवार को सुबह से ही अनुष्ठान प्रारम्भ हो गया था। महंत बलबीर गिरि महाराज ने बंधवा स्थित बड़े हनुमान जी का महाभिषेक किया। महाआरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महाभिषेक के दौरान बजरंग बली को दूध, दही, शहद, कुमकुम और हल्दी से स्नान कराया गया। इसके बाद विग्रह पर सिंदूर लगाया गया और फलों से विशेष श्रृंगार किया गया। दक्षिण भारत से आए ब्राह्मणों और उत्तर भारत के विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा कराई। महाभिषेक और श्रृंगार के बाद महंत बलबीर गिरि महाराज ने महाआरती किया। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। भक्तों ने जय श्रीराम और जय बजरंगब ली के जयकारे लगाए। मंदिर में पांच दिवसीय उत्सव के दौरान हनुमान मूलमंत्र हवन, कलश स्थापना अधिवास हवन और कला तत्व हवन समेत कई अनुष्ठान हुए। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना किया। शनिवार को मंदिर परिसर में पूरे दिन भंडारा और प्रसाद वितरण हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महाभिषेक, विशेष श्रृंगार, महाआरती और भंडारे के साथ उत्सव का समापन हो गया।











