आकर्षक ढंग से सजा मां लक्ष्मी-गणेश का पण्डाल, दर्शन-पूजन को उमड़ रहे श्रद्धालु
जय मां लक्ष्मी पूजा समिति के अध्यक्ष की देख—रेख में हुआ भव्य आयोजन
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर के खास क्षेत्र में जय मां लक्ष्मी पूजा समिति की ओर से मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश का भव्य मंडप आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी सजावट और मनमोहक धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचकर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का दर्शन-पूजन कर रहे हैं। श्रद्धालु पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होकर सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं परिवार के मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं।
हिंदू धर्म में मां लक्ष्मी को धन, वैभव, ऐश्वर्य एवं सुख-समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है जबकि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और शुभ कार्यों का प्रथम पूज्य देवता माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश की पूजा करने से घर-परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और शुभता का वास होता है। विधि-विधान से पूजन के दौरान भक्त सर्वप्रथम भगवान गणेश का स्मरण करके उन्हें पुष्प, अक्षत, दूर्वा और मोदक अर्पित करते हैं। इसके बाद मां लक्ष्मी को पुष्प, फल, मिष्ठान, धूप-दीप एवं नैवेद्य समर्पित कर आरती की जाती है। श्रद्धा और भक्तिभाव से किए गए दर्शन-पूजन को पुण्यदायी माना जाता है।
समिति के अध्यक्ष डब्बू भइया की देख—रेख में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में छोटू (अंकित), उपाध्यक्ष अर्जुन मौर्य, महामंत्री चिरंजीव सहित राजू, तकनीश, विक्की, सूरज, सोनू, बंटी, अमन, विशाल, निखिल, बबलू, आर्यन, अभय, मानव, मोनू आदि सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा-अर्चना की व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।











