काराकाट-गोड़ारी में पटाखा दुकानों का हुआ सघन निरीक्षण
सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश, महिला पुलिस बल की रही तैनाती
तेजस टूडे ब्यूरो
दिनेश तिवारी
काराकाट/रोहतास, बिहार। दीपावली के मद्देनजर नगर पंचायत काराकाट-गोड़ारी में प्रशासन ने पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण किया। दंडाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी सिमाब मतीन के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न पटाखा दुकानों की जांच कर दुकानदारों को सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित एवं चिन्हित स्थलों पर ही की जाए। दुकानों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान आगजनी सहित अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान पुलिस प्रशासन की टीम के साथ स्वच्छता पदाधिकारी मो. मोईन एवं काफी संख्या में महिला पुलिस बल के जवान तैनात रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।











