मुख्यमंत्री आवास योजना में फिरोजाबाद ने पाया प्रदेश में 5वां स्थान
कुछ ब्लॉकों की धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई नाराजगी
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत फिरोजाबाद जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है।
जिले को इस योजना के अंतर्गत कुल 1553 आवासों का लक्ष्य मिला था, जिनमें से अब तक 1478 आवास पूर्ण कर लिए गए हैं। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की गंभीरता और मेहनत को दर्शाती है, वहीं कुछ खंड विकास अधिकारियों की सुस्ती पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में योजना के क्रियान्वयन में कई ब्लॉकों ने बेहतर काम किया है, जबकि कुछ ब्लॉकों में प्रगति धीमी रही है।
——इनसेट——
किन ब्लॉकों की प्रगति धीमी रही?
एका ब्लॉक को 312 आवासों का लक्ष्य मिला था, जिनमें से 289 ही पूरे हो सके हैं। हाथवंत ब्लॉक को 264 आवास मिले, जिनमें से 241 का निर्माण पूरा हो पाया। मदनपुर ब्लॉक में 161 आवासों के सापेक्ष केवल 149 आवास पूर्ण हुए हैं। इन ब्लॉकों की धीमी प्रगति को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि शेष आवास जल्द पूरे नहीं किए गए तो कार्रवाई की जाएगी।
——इनसेट——
जिन ब्लॉकों ने किया सराहनीय कार्य
प्रभारी खण्ड विकास अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने अपने क्षेत्र में 301 आवासों के मुकाबले 297 आवास पूर्ण करवा दिए हैं। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जिलाधिकारी ने उनकी सराहना करते हुए सम्मानित करने की बात कही है। जसराना और अरांव ब्लॉक में भी योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है।जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य हर जरूरतमंद को छत मुहैया कराना है। आवास की उपलब्धता से न केवल परिवार को सुरक्षा मिलती है बल्कि बच्चों की शिक्षा और सामाजिक स्थिरता भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस जनहितकारी योजना में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन ब्लॉकों की प्रगति कम है, उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे शीघ्रता से कार्य करें और शेष बचे आवासों को जल्द से जल्द पूर्ण करें।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














