प्राकृतिक खेती कर रहे वाराणसी के किसान किये गये सम्मानित
निलेश त्रिपाठी
मिर्जामुराद, वाराणसी। स्थानीय क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर के दिशा निर्देशन में प्राकृतिक खेती कर रहे किसान को लखनऊ मे सम्मानित किया गया। मंगलवार को उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद का 33वां स्थापना दिवस लखनऊ में मना। इस अवसर पर सतत कृषि के लिए अभिनव दृष्टिकोण पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ।

संगोष्ठी के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ थे। विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व प्रदेश के राज्य कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलक रहे। इसी क्रम में कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक प्रसार डा. एके सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री शाही ने प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों को सम्मानित किया जिसमें बनारस के किसान दिनेश पटेल भी सम्मिलित थे। श्री पटेल आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर वाराणसी के अध्यक्ष डा. नरेन्द्र रघुवंशी व वरिष्ठ वैज्ञानिको की दिशा निर्देश में प्राकृतिक खेती पिछले 2 वर्षों से कर रहे हैं। श्री पटेल बताते हैं कि वह अकार्बनिक खेती की तुलना में प्राकृतिक खेती से अधिक मुनाफा एवं स्वास्थ्य वर्धक फल तथा सब्जियां प्राप्त कर रहे हैं और प्राकृतिक खेती से संतुष्ट हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












