सेवानिवृत्त वित्त व लेखाधिकारी को दी गई विदाई
अधिकारी/कर्मचारी की व्यक्तित्व से ही होती है पहचान: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
एम अहमद
श्रावस्ती। सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी राकेश कुमार त्रिपाठी के सेवानिवृत्त होने पर उनके द्वारा जिले में दिये गये अतुलनीय योगदान के लिए जनपद के जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमिता सिंह ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की कामना की। उन्होने कहा कि किसी भी अधिकारी/कर्मचारी की पहचान उनके व्यक्तित्व एवं कर्तव्यनिष्ठा से ही जानी जाती है। सेवानिवृत्त वित्त एवं लेखाधिकारी ने अपने दायित्वों का निर्वहन कर जो महती भूमिका निभाई है, उसे कभी भुलाया नही जा सकता है। उनके कार्य व्यवहार की प्रशंसा करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि वह एक अच्छे व्यक्तित्व, नम्र एवं शान्त स्वभाव के व्यक्ति है। उन्होने कहा कि बेहतर कार्य से ही कोई भी अधिकारी/कर्मचारी अपने उच्च अधिकारियों से सम्मान पाकर वे अपने उच्चाधिकारियों के हृदय में प्रिय अधिकारी का स्थान ले सकते हैं। अपने सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त वित्त एवं लेखाधिकारी श्री राकेश ने श्रावस्ती में बिताए अपने सेवाकाल के अनुभवों को भी इस अवसर पर साझा करते हुए कहा कि लगभग 40 वर्ष की सेवा शासकीय कार्य में दिया है। सेवा की इस अवधि में बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए ईश्वर की कृपा रही है। उन्होने कार्य के दौरान मार्गदर्शन के लिए प्रदेश सरकार एवं सहयोग के लिए कोषागार परिवार और अपने सभी वरिष्ठ अधिकारीजनों के साथ सहयोगी कर्मचारी बन्धुओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होने कहा कि दायित्वबोध के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही सफल सेवा का मूलमंत्र है। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी जिस भी पद पर तैनात है वह सरकार द्वारा दी गई जिम्मेदारियों को बाखूबी ईमानदारी से निभाना चाहिए, तभी वो अपने सेवाकाल में सफल रह सकता है। सम्मान समारोह के अवसर पर जिला सूचना अधिकारी शिवनाथ ने ’भारतीय भाषाओं में राम’ सांस्कृतिक विरासत नामक पुस्तक भेंटकर सम्मान किया। वहीं जिला निर्वाचन कार्यालय के प्रधान सहायक सुनील श्रीवास्तव ने ’’श्रीमदभगवद् गीता’’ एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव खड़ायत एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारियों ने निवर्तमान वित्त एवं लेखाधिकारी को पुष्प गुच्छ भेंटकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये और उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की। कार्यक्रम का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष बेसिक शिक्षक संघ विनय कुमार पाण्डेय, सर्वेश श्रीवास्तव, जिला समन्वयक सपना सोनी, विनोद कुमार पाण्डेय, राजकुमार राय, रागिनी शर्मा, राहुलेन्द्र शुक्ला सहित बेसिक शिक्षा संघ के पदाधिकारीगण एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारी गण मौजूद रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










