एक परिवार-एक पहचान योजना के तहत बनेगी फैमिली आईडी: सीडीओ
विकास भवन सभागार दिया गया प्रशिक्षण
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। शासन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद में “एक परिवार एक पहचान“ योजना के अंतर्गत खण्ड विकास अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद कुमार यादव द्वारा कार्यक्रम का संचालन एवं प्रशिक्षण दिया गया।
उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेश में निवासरत परिवारों के लिए एक परिवार एक पहचान योजना की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत प्रदेश के करीब 3.59 करोड़ परिवार व 14.92 करोड़ व्यक्ति राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से आच्छादित है। इन परिवारों की राशन कार्ड संख्या ही फैमिली आईडी होगी।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में आच्छादित न होने वाले ऐसे परिवार जिनके राशन कार्ड नहीं बने है, उन्हें फैमिली आईडी पोर्टल के माध्यम से फैमिली आईडी नंबर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फैमिली आईडी नंबर के जरिए लाभ दिलाया जा सकें। फैमिली आईडी पंजीयन के लिए परिवार के सभी सदस्यों का आधार मोबाइल नंबर से लिंक होना चाहिए, जिससे कि परिवार के सभी सदस्यों को मोबाइल और ओटीपी द्वारा सत्यापन हो सके।
यदि आधार से लिंक नंबर बदल गया है तो आवेदक को अपना नया नंबर आधार से लिंक करते हुए अपडेट करा लें। यदि परिवार का कोई सदस्य पूर्व में किसी अन्य परिवार से जुड़ा हुआ है तो उसका पंजीयन नहीं किया जा सकेगा। परिवार के पास राशन कार्ड उपलब्ध नहीं है तो फैमिली आईडी पोर्टल पर आवेदन द्वारा मोबाइल नंबर व आधार संख्या दर्ज करने पर मैसेज प्रदर्शित होगा कि आप के परिवार की फैमिली आईडी उपलब्ध नहीं है। ओटीपी डालने के बाद सदस्य का नाम, जन्म तिथि वर्ष, लिंग व पिता के संरक्षक का नाम खुद प्रदर्शित होगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक परिवार को रोजगार से जोडा जाये। जिसके लिए एक परिवार एक पहचान योजना के अंतर्गत फैमिली आईडी कार्ड योजना शुरू की गयी है। उक्त योजना में ऐसे सभी परिवार जो राशन कार्ड से वंचित है अथवा राशन कार्ड के लिए पात्र नहीं है तो भी अपना फैमिली आईडी कार्ड बनवा सकते है। फैमिली आईडी कार्ड स्वैच्छिक है, यह अनिवार्य नहीं है।
फैमिली आईडी में पुरुष, स्त्री, पति-पत्नी, दोनों न्यायिक रूप से अलग रहते हो, स्वयं के माता पिता, स्वयं पर आश्रित व्यस्क व अव्यसक भाई-बहन, जो संयुक्त परिवार के रूप में रहते हो। दत्तक पुत्र व पुत्री व अन्य कोई ऐसा वयस्क व्यक्ति जो परिवार के मुखिया अथवा कमाऊ सदस्य पर आश्रित हो, जिसको परिवार के सदस्य के रूप में जुड़ना चाहे जोड सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया- आवेदक अपना पंजीकरण फैमिली आईडी पोर्टल (https://familyadup.gov.in) पर दिये गये Register लिंक के माध्यम से करेगा। आवेदक अपना नाम एवं मोबाइल नम्बर के माध्यम से मोबाइल ओटीपी तथा कैप्चा का उपयोग कर पोर्टल पर पंजीकरण पूर्ण करेगा। यदि परिवार के पास पूर्व में राशन कार्ड उपलब्ध है तो फैमिली आईडी पोर्टल पर आधार नम्बर के साथ लागिन करने पर यह मैसेज प्रदर्शित होगा कि आपके परिवार की फैमिली आईडी उपलब्ध है। आवेदक दिये गये टैब पर क्लिक कर अपना फैमिली आईडी प्रिंट/डाउनलोड कर सकते हैं।
जारीकर्ता अधिकारी के द्वारा संबंधित जांच अधिकारी को स्थलीय जाँच हेतु आवेदन ऑनलाइन प्रेषित किया जायेगा। पोर्टल द्वारा अंतिम रूप से फैमिली आईडी निर्मित होने एवं निरस्त होने की सूचना एसएमएस के माध्यम से पंजीकृत मोबाइल नम्बर पर स्वतः प्राप्त हो जाएगी। परिवार के किसी भी सदस्य द्वारा फैमिली आईडी के पंजीकरण की अद्यतन स्थिति/प्रगति को Track Application Status लिंक पर जाकर आवेदन संख्या डालकर प्राप्त किया जा सकता है।
आवेदक द्वारा पोर्टल से भी अपनी फैमिली आईडी संख्या ज्ञात की जा सकती है एवं इसका प्रिंट आउट भी लिया जा सकता है। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











