सिद्धेश्वरी मन्दिर में नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा का हुआ दर्शन
पूजा—पाठ एवं आरती बना रहता है आकर्षण का केन्द्र
तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। मेहनाजपुर शारदीय नवरात्र के चौथे दिन सिद्धेश्वरी मंदिर में मां दुर्गा के चतुर्थ स्वरूप मां कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में मेले जैसा दृश्य देखने को मिला और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर में स्थित मैन पोखरा रात के समय आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहता है। रोशनी से जगमगाता मंदिर परिसर श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है। रात्रि में मंदिर की मनमोहक छटा देखते ही बनती है। पोखरे और मंदिर परिसर की जगमगाहट से पूरा दृश्य अलौकिक प्रतीत होता है।
सिद्धेश्वरी मंदिर में सुबह और शाम वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-पाठ किया जाता है। मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो जाता है। श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हैं। नवरात्र पर मंदिर परिसर में भक्तों की चहल-पहल बनी हुई है। श्रद्धालु मां कूष्मांडा के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मां के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा है।













