यातायात सुगम बनाने के लिए बाजार से हटेगा अतिक्रमण: डीएम
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। नगर क्षेत्र में दुकानों के सामने फुटपाथ पर लगाए गए काउण्टर एवं अन्य अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार से अभियान चलाया जाएगा। ज़िलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए बाजारों में दुकानों के सामने फुटपाथ पर और खाली पड़े स्थान पर दुकानदार वो सामान रख लेते हैं, जिसका स्थान उनका गोदाम या वेयरहाउस है।उन्होंने दुकानदारों से स्वयं ऐसा सामान हटाने की अपील किया है।ज़िलाधिकारी लोक सभागार में व्यापार बंधु, श्रम बंधु एवं उद्योग बंधु की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर में वेंडिंग ज़ोन के निर्धारण के लिए सभी व्यापारी संगठनों से सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। पटरी बाजार तथा अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए आपसी सहमति आवश्यक है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को निर्देश दिए कि वे धनोखर में बाइक की पार्किंग के लिए प्लाजा में वेंटिलेशन, प्रकाश की व्यवस्था करें। उन्होंने व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों से कहा कि वे बाजार की स्थिति देखते हुए स्वयं दुकानदारों से ऐसे सामान को हटवाएं जो रास्ते में आवागमन के लिए बाधा बनता हो। बाजार के निर्धारित रास्तों पर से अतिक्रमण को हटाए बिना ट्रैफ़िक सिस्टम में सुधार सम्भव नहीं है। श्रम बंधु के सम्बंध में उन्होंने कहा कि शहर में सामुदायिक केंद्र तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए व्यापक स्तर पर परियोजना तैयार की गई है। पल्हरी, लखनऊ रोड पर, देवा रोड तथा हैदरगढ़ रोड पर, जो रोड शहर से निकल रही हैं, वहां पर इस प्रकार पार्किंग तैयार की जाएगी कि आवागमन की लोड कम हो सके। नगर तथा अन्य स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था के लिए टेंडर हो चुका है तथा रोड डिवाइडर पर रिफ़्लेक्टेर लगाने का कार्य भी शीघ्र शुरु हो जाएगा। व्यापारियों तथा उद्यमियों के हर सुझाव का सम्मान किया जाएगा तथा उनके प्रस्तावों को हर सम्भव ढंग से क्रियान्वित किए जाने के प्रयास किए जाएंगे। देवा कुर्सी रोड पर स्थित उद्योगों के लिए अलग से विद्युत फीडर की व्यवस्था के लिए सहमति के आधार पर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














