स्वास्थ्य विभाग की धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई नाराजगी
गोविंद वर्मा
बाराबंकी। जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना, आसरा योजना, भूमि अधिग्रहण, मनरेगा, विद्युत, सेतु निगम, फसल बीमा, गौशाला, उद्यान विभाग, समाज कल्याण, शादी अनुदान, कन्या सुमंगला योजना, आईसीडीएस, दुग्ध समिति, बेसिक शिक्षा विभाग के तहत कायाकल्प की समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग की गोल्डन कार्ड, परिवार नियोजन, जननी सुरक्षा, टीकाकरण की समीक्षा में प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष न पाये जाने पर रोष व्यक्त किया गया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य विभाग के बाबू के पटल को समय-समय पर परिवर्तित किया जाये।

परियोजना निदेशक डूडा द्वारा बताया गया कि शहरी नियोजन के अन्तर्गत लाभार्थियों को चिन्हित कर लिया गया है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि 1 किग्रा के ऊपर पालीथिन पकड़े जाने पर उचित कार्यवाही करते हुए उसकी सूची उपलब्ध कराये। अधिशाषी अभियन्ता बाढ़ को निर्देशित किया कि नहरों की टेल तक पानी पहुॅचाने का कार्य समय से पूरा कर लिया जाये। डीसी मनरेगा को आदेश देते हुए कहा कि चेकडेम तथा बोरिंग सत्यापन कर लिया जाये। बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि नई सड़क निर्माण, सड़को के चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि पशुओं का टीकाकरण समय से किया जाये। परियोजना निदेशक द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत किस्तों का भुगतान किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाओं में आधार फीडिंग के कार्य को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बीएसए को निर्देशित किया गया कि कायाकल्प योजना के अन्तर्गत सफल क्रियान्वयन के लिए जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा एक-एक गांव के किसी स्कूल को गोद लिया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एकता सिंह, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उपकृषि निदेशक, डीएफओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक डूडा, ईओ नगर पालिका सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















