पाली बलात्कार कांड में दरोगा के बाद पूरा थाना हुआ लाइन हाजिर
एडीजी जोन कानपुर भानू मिश्रा ने जनपद पहुंचकर मामले के बारे में ली जानकारी
जयेश बादल
ललितपुर। जनपद में हुए हाई प्रोफाइल नाबालिग रेप कांड में आरोपी दरोगा के निलंबन के बाद अब पूरे थाने को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही वहां कामकाज संभालने के लिए अन्य थाना से तीन पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर भेजा गया है।

जनपद का हाई प्रोफाइल रेप कांड उछलने के बाद एडीजी जोन कानपुर भानु मिश्रा जनपद पहुंचे जहां पर उन्होंने पुलिस अधिकारी कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारियों के साथ सर्किट हाउस में एक बैठक की और पूरे मामले की जानकारी ली जिसके बाद तत्काल प्रभाव से थाना पाली में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही एडीजी जोन कानपुर प्रशासनिक अमला के साथ पाली पहुंचे जहां पर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पीड़िता के परिजनों से भेंट की। मिली जानकारी के अनुसार करीब 3 दिन पूर्व चाइल्डलाइन संस्था द्वारा पीड़िता को पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश कर नावालिग किशोरी से बलात्कार का मामला संज्ञान में लाया गया था। पूछताछ के दौरान नाबालिग किशोरी द्वारा थाना अध्यक्ष पाली सहित आधा दर्जन लोगों पर बंधक बनाकर बलात्कार करने की बात कही गई थी।
जिसके बाद थाना अध्यक्ष पाली तिलकधारी सरोज थाना छोड़कर फरार हो गए थे और पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए प्रेस कांफ्रेंस कर उक्त मामले में आरोपी थानाध्यक्ष तिलकधारी सरोज, चंदन, राजभान, हरीशंकर, महेंद्र चौरसिया और मौसी गुलाब बाई के खिलाफ़ 363 376 376बी 120बी 3/4 पास्को एक्ट व 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज करने व एक आरोपी की गिरफ्तारी का दावा भी किया था। उक्त मामला उछलने के बाद एडीजी जोन कानपुर भानु मिश्रा डीआईजी झांसी के साथ जनपद ललितपुर पहुंचे जहां पर उन्होंने सर्किट हाउस में जिला अधिकारी आलोक सिंह पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और पूरे मामले का जायजा लिया, जिसके बाद एडीजी जोन कानपुर के निर्देश पर थाना पाली में तैनात उप निरीक्षक राजवीर सिंह, रामरतन लाल, राजेंद्र सिंह, अजय कुमार यादव, अरविंद कुमार तथा दीपक कुमार डागुर प्रशिक्षनाधिन को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया और उनके स्थान पर उप निरीक्षक गोविंद सक्सेना को प्रभारी चौकी कस्बा तालबेहट उपनिरीक्षक सुश्री पारुल सिंह एवं उप निरीक्षक सुभाष चंद्र को कोतवाली महरौनी से कामकाज संभालने के लिए पाली भेजा है।
इसके साथ ही पुलिस ने दावा किया है कि हाई प्रोफाइल रेप कांड में आरोपी पीड़िता की मौसी गुलाब बाई अहिरवार, महेंद्र चौरसिया और राजवान अहिरबार को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उक्त कार्यवाही के पश्चात एडीजी जोन कानपुर प्रशासनिक और पुलिस आमला के साथ पीड़िता के घर पहुंचे और वहां उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके साथ ही सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है, इसके साथ ही पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है। इस मामले में एडीजी जोन कानपुर ने स्पष्ट किया कि मामले में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह कोई भी हो।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















