जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिये हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
राघवेन्द्र पाण्डेय
अमेठी। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी राकेश मिश्र की अध्यक्षता में तहसील अमेठी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ जहां उन्होंने शिकायतकर्ताओं की समस्या सुनकर मौके पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतें लंबित न रखी जाय, शिकायतों को गम्भीरता से लिया जाय। साथ ही जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस में समय से आकर जन समस्याएं सुनें तथा उनका निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही किए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग के संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक डा. इलामारन ने सुना एवं संबंधित थानाध्यक्षों को निस्तारण के निर्देश दिया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, पुलिस व विकास विभाग से संबंधित प्राप्त हुई जिनके निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। तहसील अमेठी में कुल 71 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें 08 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया, तहसील तिलोई में 22 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें 06 का निस्तारण हुआ। तहसील गौरीगंज में 21 शिकायतें प्राप्त हुईं जिसमें 3 का निस्तारण हुआ तथा तहसील मुसाफिरखाना में 51 शिकायतें प्राप्त हुईं जिसमें से 6 शिकायतों का निस्तारण हुआ तथा शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन जन समस्याओं के निस्तारण के प्रति अत्याधिक गम्भीर है और इसमें उदासीनता एवं लापरवाही क्षम्य नही होगी। जिलाधिकारी समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने कार्यालय समय से पहुंचे व जनसमस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करना सुनिश्चित कराएं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अंशुमान सिंह, उपजिलाधिकारी अमेठी प्रीति तिवारी, तहसीलदार अमेठी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















