जिला कारागार में बंदी की उपचार के दौरान हुई मौत
दो दिन बाद होनी थी रिहाई, परिवार में मचा रहा कोहराम
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्वनी सैनी
उन्नाव। जिला कारागार में विचाराधीन बंदी कमाल उर्फ टहलू पुत्र हसनू निवासी जमुनाखेड़ा थाना दही की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की तबीयत अचानक खराब हो गई थी जिसके बाद जेल प्रशासन ने आनन-फानन में उसे एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कमाल उर्फ टहलू पिछले 3 वर्षों से जिला कारागार उन्नाव में बंद था। उसके खिलाफ अजगैन, हसनगंज, बीघापुर समेत कई थानों में गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। बताया जा रहा है कि अदालत से उसकी ज़मानत दो दिन पहले ही मंजूर हो चुकी थी और वह जल्द ही जेल से रिहा होने वाला था लेकिन रिहाई से ठीक पहले उसकी मौत ने परिवार की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
मृतक की पत्नी मेनूजादी और तीन मासूम बच्चे दो बेटियाँ और एक बेटा इस खबर से बेसुध हो गए हैं। कमाल ही पूरे परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद परिवार की हालत दयनीय हो गई है। परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन ने समय पर इलाज नहीं कराया जिससे उसकी मौत हुई। वहीं जेल प्रशासन का कहना है कि जैसे ही उसकी तबीयत बिगड़ी, उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों का कहना है कि कमाल पहले अपराधों में लिप्त था लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वह शांत जीवन जीना चाहता था। उसके जेल से छूटने की खबर से परिवार को उम्मीद थी कि अब वह एक नई जिंदगी शुरू करेगा लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









