परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, नौजवान बेटे की नहर में डूबने से हुई मौत
मौके पर पहुंचे जिप सदस्य ने पीड़ित परिवार को दी आर्थिक मदद
निशा
भभुआ (बिहार)। थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में मंगलवार को नहर में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हरिराम के 40 वर्षीय पुत्र मुन्ना राम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य भभुआ भाग 3 सह बीएसपी नेता विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सोमवार की रात्रि में शौच करने के लिए गांव स्थित नहर में किनारे गए हुए थे। शौच उपरांत साफ सफाई की क्रिया हेतु नहर किनारे गए तभी अनियंत्रित होकर नहर में गिर पड़े और गहरे पानी में बहाव के कारण गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बेतरी गांव पहुंच गए। जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा मछली फंसाने के लिए जाल फंसाया गया था। मृतक का शव उसी जाल में फंस गया। जब मछली पकड़ने वालों ने शव को देखा तो बाहर निकाला। देखते ही देखते घटना की खबर आग की तरह चारों ओर फैल गई। काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद शव का पहचान किया गया।इधर मृतक के परिजनों ने घर नही पहुंचने के कारण रात भर मृतक की खोजबीन की। शव को सदर अस्पताल लाया गया जहां अंत्य परीक्षण के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं मौके पर पहुंचे जिप सदस्य विकास सिंह द्वारा मृतक के परिजनों को आर्थिक सुविधा मुहैया कराई गई। जिप सदस्य ने बताया कि मृतक का परिवार काफी गरीब है। मृतक को पांच पुत्रियां एवं दो छोटे छोटे पुत्र हैं। परिवार पर कष्टों का दुख का पहाड़ टूट कर गिर पड़ा है। परिवार को बेसहारा छोड़ इस दुनिया को छोड़ कर चले गए। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकार से मिलने वाली मुआवजा को यथा शीघ्र दिलाने का भरोसा दिलाया।इधर मृतक की पत्नी और बच्चों का रो रो कर बुरा हाल था।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










