चोरी की योजना बना रहे 4 शातिर गिरफ्तार
कई मामलों का हुआ खुलासा, नगदी, शराब व उपकरण बरामद
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना परसपुर पुलिस ने चोरी की योजना बनाते चार शातिर चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से 45,100 नकद, 20 केन बीयर, 45 पैकेट देशी शराब और चोरी में प्रयुक्त सब्बल व लोहे की रॉड बरामद की गई। गिरफ्तारी उस समय हुई जब उ0नि0 अमन कन्नौजिया को सूचना मिली कि सरदार पुरवा मोड़, डेहसरा कर्बला के पास एक खाली मकान में कुछ संदिग्ध चोरी की योजना बना रहे हैं। टीम ने मौके पर दबिश देकर चारों अभियुक्त शनि, रितिक सिंह उर्फ बिल्लू, मलखान व रिजवान को पकड़ लिया।
पूछताछ में चोरों ने जनपद में हुई कई बड़ी चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया जिनमें सतनामी बाबा आश्रम, किराना दुकान व सरकारी शराब दुकान में की गई चोरियां शामिल हैं। अभियुक्तगण एक संगठित गिरोह बनाकर गोंडा के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। अभियुक्तों पर कुल 7 मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है। पकड़े गये चोरों में से दो के आपराधिक इतिहास पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 सौरभ वर्मा, उ0नि0 रवि प्रकाश यादव, हे0का0 अमित मिश्रा, का0 आनन्द अग्रहरि, का0 राहुल पटेल, का0 वेद प्रकाश वर्मा शामिल रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














