प्रियंका निरंजन बनीं गोण्डा की नयी जिलाधिकारी
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। नेहा शर्मा के रूप में एक कर्मठ प्रशासक को विदा कर रहा है
और प्रियंका निरंजन से सुशासन और प्रगति की नई उम्मीदें जोड़ रहा है।
जहां डीएम नेहा शर्मा के विदा होने से गोंडा में मायूसी है, वहीं आईएएस प्रियंका निरंजन से विकास की नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा बीती रात 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की गई जिसमें गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा का स्थानांतरण भी शामिल रहा। यह खबर जैसे ही जनपदवासियों तक पहुँची, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। शुरू में लोगों को विश्वास नहीं हुआ लेकिन खबर की पुष्टि होते ही गोंडा में एक मायूसी सी छा गई।
नेहा शर्मा को जिले में एक ईमानदार, बेबाक और संवेदनशील अफसर के तौर पर याद किया जाएगा। उन्होंने गोंडा में न सिर्फ भ्रष्टाचार पर सख्ती दिखाई, बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों की आवाज भी बनीं। किसी की बेटी तो किसी की बहन बनकर उन्होंने प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को पाटने का काम किया। उन्होंने गोंडा को एक नई पहचान दी और जनता के दिलों में खास जगह बनाई।
——इनसेट—— प्रियंका निरंजन—विकास और अनुशासन की नयी उम्मीद
अब गोंडा की कमान संभालेंगी 2013 बैच की तेज—तर्रार आईएएस अधिकारी प्रियंका निरंजन। इससे पहले वे मिर्जापुर, बस्ती, जालौन जैसी ज़िम्मेदार जगहों पर डीएम रह चुकी हैं और लखनऊ में विशेष सचिव के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर और सिविल सेवा परीक्षा में 20वीं रैंक प्राप्त करने वाली प्रियंका निरंजन को प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सराहा था। उन्होंने जालौन में नून नदी के पुनरुद्धार में खुद फावड़ा चलाकर उदाहरण पेश किया था।
——इनसेट—— जनता से जुड़ाव और माफियाओं पर सख्ती प्रियंका की पहचान
प्रियंका निरंजन का प्रशासनिक रिकॉर्ड बताता है कि वह माफियाओं के खिलाफ कठोर रवैया रखने और आम जनता की सीधी सुनवाई में विश्वास रखती हैं। उनकी सादगी और संवेदनशीलता की झलक उस समय भी दिखी जब उन्होंने अपनी बेटी को सरकारी अस्पताल में जन्म दिया। अब सवाल यह है कि क्या प्रियंका निरंजन, नेहा शर्मा की तरह गोंडा में उम्मीदों की लौ जलाए रख पाएंगी? क्या उनका प्रशासनिक अनुभव गोंडा को विकास की नई दिशा देगा जनता की निगाहें अब नई जिलाधिकारी पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि प्रियंका निरंजन भी गोंडा की जनता को वह भरोसा देंगी जिसकी बुनियाद नेहा शर्मा पहले ही रख चुकी हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।