गंग नहर में डूबने से युवक की हुई मौत
रविन्द्र पाल
डलमऊ, रायबरेली। गंग नहर में डूबने से लगभग 25 वर्षीय युवक की मौत होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कंधरपुर निवासी मोहम्मद सलमान पुत्र मोहम्मद इसहाक एक मजदूर है।

सोमवार को वह घर से नाश्ता पानी करके मजदूरी के लिए निकला हुआ था। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के दीनगंज गंग नहर के पास से गुजर रहा था तभी बताया जाता है कि युवक के मिर्गी आई और मिर्गी आने के दौरान वह नहर में गिर गया जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। जानकारी जब ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौत की खबर परिजनों को लगी तो परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे डलमऊ कोतवाल पंकज त्रिपाठी, एसआई अर्चना यादव, संजय पांडेय फोर्स के साथ जांच पड़ताल में जुट गए। इस बाबत पूछे जाने पर डलमऊ कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















