खून से लथपथ मिला सफाईकर्मी, हालत नाजुक
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के करिया गोपालपुर गांव निवासी सफाईकर्मी सोमवार की सुबह अपने पुराने मकान में खून से लथपथ मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया है। परिजन जब उसे जगाने गये तो उसे खून से लथपथ अचेतावस्था में पाया।

गंभीर रूप से घायल सफाईकर्मी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। जाानकारी के अनुसार देवगांव क्षेत्र के करिया गोपालपुर निवासी 45 वर्षीय लालचंद पुत्र हरिलाल लालगंज विकास खण्ड क्षेत्र के मेहरो जगदीशपुर में सफाईकर्मी पद पर नियुक्त है। रविवार की रात वह भोजन करने के बाद रोज की भांति अपने पुराने मकान में सोने चला गया। परिवार के अन्य सदस्य बगल में स्थित नये मकान में रहते हैं। सुबह जब परिजन उसे जगाने के लिए गये तो वह खून से लथपथ अचेत पड़ा हुआ था। उसके गले को धारदार हथियार से रेता गया था लेकिन उसकी सांस चल रही थी। परिजन गंभीर रूप से घायल लालचंद को लालगंज सरकारी अस्पताल ले गये जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाल देवगांव शशिमौलि पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी मौके पर पहुंच गये। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















