चौराहे से युवक का हुआ दिनदहाड़े अपहरण
मुर्गी फार्म में बंधक बनाकर कट्टा दिखाया, एक लाख की रंगदारी मांगी, 50 हजार वसूलने के बाद छोड़ा
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
श्रीदत्तगंज, बलरामपुर। दिनदहाड़े भरे चौराहे पर करीब 17 लोगों ने दो/चार पहिया वाहनों से पहुंचकर एक युवक को अगवा कर लिया। सरेराह हुई इस वारदात ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बदमाश युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए और इकौना स्थित एक मुर्गी फार्म में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। कट्टा दिखाकर 1 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पत्नी के माध्यम से 50 हजार रुपये मिलने के बाद ही उसे छोड़ा गया।
मामला 10 नवंबर का थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र के भड़वाजोत (चमरूपुर) चौराहे का है। बनगवां की नई बस्ती निवासी मोहम्मद हफीज के मुताबिक वह अपने साथी शफीक के साथ दोपहर करीब एक बजे चौराहे पर पान खाने के लिए रुका था। इसी दौरान सफेद और काले रंग की दो चारपहिया गाड़ियों से करीब 17 लोग पहुंचे। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में डालकर इकौना क्षेत्र के जंगल जैसी जगह पर बने मुर्गी फार्म में ले गए। वहां पहले से मौजूद लोगों के साथ मिलकर उसे बंधक बनाया गया और कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने एक लाख रुपये की मांग की। डर के कारण उसने अपनी पत्नी के माध्यम से बताए गए स्थान पर 50 हजार रुपये भिजवाए। इसके बाद शेष रकम बाद में देने का आश्वासन लेकर उसे छोड़ा गया। पीड़ित ने गुलशन पुत्र शमशाद अली निवासी हासिमपारा, थाना गैड़ास बुजुर्ग सहित दो अन्य अज्ञात लोगों को पहचानने का दावा किया है।
आरोप है कि रकम गुलशन के भाई को सौंपी गई थी जिसका वीडियो भी मौजूद होने का दावा किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसे छोड़ते समय पुलिस से शिकायत करने पर हत्या करने की धमकी भी दी। पत्नी ने पहले थाना श्रीदत्तगंज में शिकायत दी थी, लेकिन धमकियों के चलते आगे कार्रवाई कराने से पीछे हट गई। अब पीड़ित ने 13 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग किया है। दिनदहाड़े सार्वजनिक चौराहे से युवक को कथित तौर पर अगवा कर लेना और फिरौती वसूलने के बाद धमकी देकर छोड़ना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि आरोप सही हैं तो यह कानून को खुली चुनौती देने जैसा है। अब देखना है कि पुलिस मामले को कितनी गंभीरता से लेती है और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
वहीं कुछ लोगों के मुताबिक घटना में शामिल बताए जा रहे कुछ लोगों से पीड़ित का पहले से परिचय और संबंध था। चर्चा है कि किसी बात को लेकर हुए आपसी विवाद और अनबन के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि इस पहलू की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। गुरुवार रात जब चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाने का प्रयास किया गया तो किसी कैमरे का डाटा डिलीट मिला तो कहीं कैमरे चालू ही न होने की बात सामने आई। ऐसे में वारदात से जुड़े अहम साक्ष्य मिलने की उम्मीद भी कमजोर पड़ गई। क्षेत्र के प्रमुख चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों का सक्रिय न होना अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है।
आखिर सुरक्षा और निगरानी के लिए लगाए गए कैमरे जरूरत के वक्त काम क्यों नहीं आए। फोन लोकेशन सहित अन्य सीसीटीवी फुटेज से खुल सकता है राज। घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन और घटनास्थल तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच अहम साबित हो सकती है। इससे आरोपियों की घटनास्थल पर मौजूदगी, वाहनों की आवाजाही और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सकती है। पुलिस यदि इस दिशा में जांच करती है तो मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।











