मारपीट के दौरान हुई हत्या की घटना में शामिल 8 लोग गिरफ्तार
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
बलरामपुर। थाना कोतवाली उतरौला पर वादी दीपक यादव पुत्र स्व. राम प्रसाद यादव निवासी ग्राम रजिया हरनीडीह द्वारा सूचना दी गयी कि 12 नवम्बर की सुबह के समय घर के पीछे नाली का पानी विपक्षी रामदेव यादव के खेत में निकलने की बात को लेकर विपक्षीगण द्वारा एक राय होकर वादी एवं उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों एवं लोहे की रॉड से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान वादी के 86 वर्षीय दादा रामपियारे यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं जिन्हें इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर मुकदमा संख्या 158/2026 धारा 115(2), 352, 351(3), 191(2), 333 बीएनएस बनाम रामदेव यादव सहित कुल 8 नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध पंजीकृत किया गया। इलाज के दौरान मजरूब राम पियारे 86 वर्ष की मेडिकल कॉलेज बहराइच में मृत्यु हो गई। संकलित साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा उपरोक्त में धारा 103(1), 3(5) BNS की वृद्धि की गयी है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह द्वारा थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्रान्तर्गत हुई मारपीट की घटना से संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु दिए गए निर्देश के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना कोतवाली उतरौला पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत धारा 115(2), 352, 351(3), 191(2), 333, 103(1), 3(5) BNS से संबंधित रामदेव यादव पुत्र दाताराम, रामकिशुन यादव पुत्र दाताराम, रामकरन यादव पुत्र दाताराम, हेमन्त यादव पुत्र रामदेव, सुभाष यादव पुत्र रामकरन यादव, हिमांशु यादव पुत्र रामकरन यादव, जितेन्द्र यादव पुत्र रामदेव एवं ओम प्रकाश यादव पुत्र रामदेव समस्त निवासीगण ग्राम रजिया हरनीडीह, थाना कोतवाली उतरौला जनपद बलरामपुर को भिन्न भिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। थाना स्थानीय पर आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय रवाना किया गया। अभियुक्तगण द्वारा पूछने पर बताया गया कि हम लोग एक ही जाति के हैं एवं आपस में पाटीदार हैं। पूर्व के विवाद के कारण घटना के दिन नाली के पानी को गिराने की बात को लेकर विवाद हो गया जिसमें गाली-गलौज व मारपीट हो गई और उसी मारपीट में चोट लगने के कारण रामपियारे की मृत्यु हो गई।











