HomeTrendingचरका में तीन बालू खदानें चालू होते ही ओवरलोडिंग का खेल शुरू

चरका में तीन बालू खदानें चालू होते ही ओवरलोडिंग का खेल शुरू

  • चरका में तीन बालू खदानें चालू होते ही ओवरलोडिंग का खेल शुरू

  • दिन-रात दौड़ रहे भारी वाहन, ग्रामीणों का जीना हुआ मुश्किल

तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। जनपद के ब्लाक बबेरू अंतर्गत चरका क्षेत्र इन दिनों बालू खदानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में है। यहां खंड संख्या 4, 9 और 10 की तीन बालू खदानें चालू होते ही ओवरलोडिंग, सड़कों की बर्बादी और रात में अवैध निकासी की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि खदानें चालू होने के बाद से गांव की शांति खत्म हो गई है। दिन हो या रात, बालू से लदे भारी-भरकम ट्रक और डंपर गांव की पतली और कच्ची सड़कों से गुजर रहे हैं। इससे न सिर्फ सड़कें टूट रही हैं, बल्कि लोगों का चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है।
चरका क्षेत्र के ग्रामीणों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि बालू से भरे ट्रकों से लगातार पानी टपकता है। इससे कच्ची सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को कीचड़ भरी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे गिरकर कपड़े गंदे कर लेते हैं। बुजुर्गों और महिलाओं को भी आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। बाइक और साइकिल सवारों के लिए तो यह रास्ता और भी खतरनाक हो गया है। एक ग्रामीण ने बताया, “पहले गांव की सड़क पर आराम से चला जाता था, अब कीचड़ और गड्ढों की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। रात में तो भारी वाहनों की आवाज से नींद भी नहीं आती।” दूसरे ग्रामीण ने कहा, “ट्रकों की धूल और कीचड़ से हम लोग परेशान हैं। खेतों तक जाने वाला रास्ता भी खराब हो गया है।”
ग्रामीणों का आरोप है कि खदानों से निकलने वाले अधिकतर वाहन क्षमता से ज्यादा बालू लादकर चल रहे हैं। ओवरलोड वाहनों की वजह से न सिर्फ सड़कें टूट रही हैं, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। गांव के मोड़ पर, स्कूल और मंदिर के पास से जब ओवरलोड ट्रक तेज रफ्तार में गुजरते हैं तो लोग सहम जाते हैं। ग्रामीणों को डर है कि कहीं कोई बड़ी दुर्घटना न हो जाए।
इधर चरका क्षेत्र में एक कथित बिना स्वीकृत पट्टे वाली बालू खदान से रात के अंधेरे में चोरी-छिपे बालू निकाले जाने की भी सूचना सामने आई है। सूत्रों के अनुसार रात में कुछ वाहन बिना किसी रोक-टोक के खदान क्षेत्र से बालू लेकर निकलते देखे गए हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन इस चर्चा ने ग्रामीणों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों का सवाल है कि अगर खदान का पट्टा स्वीकृत नहीं है तो वहां से बालू कैसे निकल रहा है? और अगर निकल रहा है तो इस पर रोक क्यों नहीं लगाई जा रही?
ग्रामीणों ने प्रशासन और खनन विभाग से मांग किया कि चरका क्षेत्र की तीनों खदानों और कथित बिना पट्टे वाली खदान की जांच कराई जाए। उनकी मांग है कि -ओवरलोड वाहनों की जांच कर चालान किया जाय। गांव की सड़कों से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगेरात में हो रही कथित अवैध निकासी पर नजर रखी जाय। खराब हुई सड़कों की मरम्मत कराई जाएग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ जाएगी और लोगों का गुस्सा भी बढ़ेगा। अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग ग्रामीणों की इन शिकायतों और कथित ओवरलोडिंग पर संज्ञान लेकर जांच करेगा? क्या खदानों के संचालन में नियमों का पालन कराया जाएगा? या फिर ग्रामीणों को इसी तरह कीचड़, धूल और भारी वाहनों के बीच जीना पड़ेगा? फिलहाल पूरा चरका क्षेत्र प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

 

 

 

 

Must Read