HomeTrendingकाफी खर्च के बाद भी नहीं बची महिला की जान, सन हॉस्पिटल...

काफी खर्च के बाद भी नहीं बची महिला की जान, सन हॉस्पिटल की उपचार व्यवस्था पर उठे गम्भीर सवाल

  • काफी खर्च के बाद भी नहीं बची महिला की जान, सन हॉस्पिटल की उपचार व्यवस्था पर उठे गम्भीर सवाल

  • हालत बिगड़ने पर आखिरी समय में किया रेफर

  • दूसरे अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हुई मौत

तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। जिले में निजी अस्पतालों की इलाज व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर गंगागंज स्थित सन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की हालत बिगड़ने और बाद में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उपचार व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के मुताबिक थाना भदोखर क्षेत्र के मलिक एमा गांव निवासी महिला की तबीयत खराब होने पर उसे सन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार के नाम पर उनसे 50 हजार रुपये से अधिक की रकम वसूल की गई लेकिन इतनी बड़ी धनराशि खर्च करने के बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। इलाज के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। आरोप है कि जब महिला की हालत बेहद नाजुक हो गई तो अस्पताल प्रबंधन ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंच पाते, उससे पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना ने निजी अस्पतालों में मरीजों के उपचार, समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा और गंभीर मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का सवाल है कि जब महिला की हालत गंभीर थी तो समय रहते बेहतर उपचार की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? आखिर 50 हजार रुपये से अधिक खर्च होने के बाद भी मरीज को उचित उपचार क्यों नहीं मिल सका? अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या अस्पताल की उपचार व्यवस्था और रेफर करने की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच होगी या फिर एक परिवार का दर्द और निजी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल फाइलों में ही दबकर रह जायेंगे?

 

 

 

 

Must Read