HomeJaunpurJaunpur news: पूर्वांचल के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी को किया मंत्र—मुग्ध

Jaunpur news: पूर्वांचल के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी को किया मंत्र—मुग्ध

  • पूर्वांचल के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी को किया मंत्र—मुग्ध

  • तीन दिवसीय पूर्वांचल युवा महोत्सव का हुआ भव्य शुभारम्भ

  • विभिन्न जनपदों से पहुंचे कलाकारों ने दिखायी प्रतिभा

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने और विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में तीन दिवसीय पूर्वांचल युवा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों को मंत्र—मुग्ध कर दिया। गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
एलके चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में कलाकारों ने अपनी कला और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में युवाओं की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्रीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
आयोजक एवं पूर्वांचल स्ववित्तपोषित प्रबंध महासंघ के अध्यक्ष डॉ. दिनेश तिवारी ने बताया कि पूर्वांचल युवा महोत्सव का यह चौथा वर्ष है। संरक्षक मंडल और कार्यकारिणी के सदस्यों के सहयोग से लगातार इस आयोजन को सफल बनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पूर्वांचल की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी कला को पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
कार्यक्रम का संचालन अविनाश दुबे एवं अपूर्वा ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन समिति की महामंत्री निवेदिता राय ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर इंद्रभान सिंह, ज्ञान प्रकाश पाठक, संजय सिंह, महेंद्र गुप्ता, अजय दुबे, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के डीन प्रो. समर बहादुर सिंह, अशोक दुबे, उपेंद्र मिश्रा, महेंद्र विश्वकर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read