वाहन चालान से सम्बन्धित लम्बित प्रकरणों के निस्तारण के लिये विशेष लोक अदालत आयोजित
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में 21 नवम्बर को एन.आई.एक्ट, 1881 की धारा-138 के अन्तर्गत लम्बित प्रकरणों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत तथा 28 नवम्बर को वाहन चालान से संबंधित लम्बित प्रकरणों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा। उपरोक्त जानकारी पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्दौली निकिता गौड़ द्वारा दी गयी। इसी क्रम में सचिव द्वारा यह भी बताया गया कि 12 दिसम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा जिसमें प्री-लिटिगेशन वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर वाद, भरण-पोषण सम्बन्धी वाद, चेक बाउन्स व मोटर यान अधिनियम
सम्बन्धी वाद, शमनीय दाण्डिक वाद, राजस्व वाद, चकबन्दी वाद, बैंक रिकवरी वाद, श्रम, बीमा, बिजली व टेलीफोन सम्बन्धी वाद, जल कर निर्धारण, नगर पालिका कर निर्धारण के विरुद्ध अपील आदि का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जायेगा।











