श्रीराम कथा मानव जीवन के लिये परम कल्याणकारी
तेजस टूडे सं.
बिपिन सैनी
चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम क्षेत्र के बगल में स्थित रामदासपुर नेवादा में चल रहे सात दिवसीय संगीतमय श्री रामकथा के प्रथम दिवस पर वाराणसी से पधारे कथा व्यास अनिल पाण्डेय (मानस वत्सल) ने कथा प्रवचन के दौरान बताया कि श्रीराम कथा मानव जीवन के लिए परम कल्याणकारी और अनुकरणीय है, क्योंकि यह मनुष्य के भीतर छिपे अहंकार, मोह, लोभ और अविद्या का नाश करके मानव जीवन को सही मार्ग पर चलने की सीख दिखाती हैं।
कथा वाचक ने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र हमें हर परिस्थिति में मर्यादा धर्म और कर्तव्य का पालन करना सिखाता है। श्रीराम कथा सिखाती है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों में भी परिवार और रिश्तों का सम्मान किया जाना चाहिए। नियमित रूप से श्रीराम कथा सुनने या स्मरण करने से मन शांत होता है और आध्यात्मिक ऊर्जा जागृत होती है।रामायण में कुल सात कांड हैं। इन 7 कांड के नाम बाल काण्ड, अयोध्य काण्ड, अरण्य काण्ड, सुन्दर काण्ड, किष्किन्धा काण्ड, लंका काण्ड, उत्तर काण्ड जिसमें बाल काण्ड को सबसे बड़ा कांड और किष्किन्धा काण्ड को सबसे छोटा कांड बताया गया है।
श्री रामचरित मानस का बाल कांड भगवान श्रीराम के प्रकटोत्सव, बाल लीलाओं और विश्वामित्र के साथ जनकपुर आगमन तक के प्रमुख प्रसंगों का वर्णन करता है। बाल कांड के प्रमुख प्रसंग मंगलाचरण और वंदना तुलसीदास जी ने कथा के आरंभ में गणेश, माता पार्वती, गुरुजनों, संतों, संतों-असंतुओं और श्री राम के पावन नाम की महिमा का गुणगान किया है। अयोध्या के राजा दशरथ और रानी कौशल्या, कैकयी तथा सुमित्रा के यहाँ चैत्र मास की नवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का प्रगट होना। चारों भाइयों राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न की बाल्यकाल की सुंदर लीलाओ का वर्णन बालकांड में किया गया है।
इस अवसर पर शिवांशु श्रीवास्तव, मोहित जायसवाल, हिमांशु जायसवाल, आशीष माली, उमेश जायसवाल, जितेंद्र जायसवाल, चंद्रचारु जायसवाल, अमन श्रीवास्तव, कृपाशंकर श्रीवास्तव, हरिशंकर श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, शंभूनाथ गुप्ता, प्रवेंद्र उपाध्याय, शशांक त्रिपाठी, अश्वनी जायसवाल समेत अनेक श्रोतागण उपस्थित रहे। कथा प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक चल रही है।











