एम्स ने अपनी आपातकालीन प्रसूति एवं स्त्री रोग सेवाओं को पहली मंजिल पर किया स्थानान्तरित
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। एम्स ने अपनी आपातकालीन प्रसूति एवं स्त्री रोग सेवाओं को पहली मंजिल पर शिफ्ट कर दिया है। इस बदलाव का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में आने वाली महिलाओं को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक अनुभव प्रदान करना है। कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने नए ‘ट्राइएज एरिया’ (ट्रिज एरिया) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज श्रीवास्तव, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुमार धर्मेंद्र और डॉ. गौरव त्रिवेदी भी मौजूद थे। इनके अलावा प्रो. पारुल सिन्हा, डॉ. वंदना वर्मा, डॉ. बनश्री नाथ, जूनियर और सीनियर रेजिडेंट्स तथा नर्सिंग अधिकारी भी उपस्थित रहे।
ट्राइएज एरिया एक तय जगह होती है जो आम तौर पर अस्पताल या इमरजेंसी विभाग के प्रवेश द्वार के पास या किसी आपदा स्थल पर जहाँ आने वाले मरीजों या पीड़ितों की मेडिकल स्थिति की गंभीरता के आधार पर, उनका तुरंत मूल्यांकन किया जाता है, उन्हें छाँटा जाता है और प्राथमिकता तय की जाती है। इससे मरीजों की स्थिति का तेजी से आकलन हो सकेगा, आपातकालीन स्थितियों में महिलाओं की आवाजाही आसान होगी और जांच तथा इलाज के दौरान उन्हें बेहतर गोपनीयता मिल सकेगी।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. पारुल सिन्हा ने उम्मीद जताई कि यह नया कदम प्रसूति एवं स्त्री रोग से जुड़ी आपातकालीन स्थितियों में महिलाओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा और साथ ही उनकी गोपनीयता की भी रक्षा करेगा।











