गोण्डा में घर बैठे हो रही गेहूं की खरीद, मोबाइल पर्चेज प्रणाली बनी किसानों के लिये वरदान
963133
गोण्डा में घर बैठे हो रही गेहूं की खरीद, मोबाइल पर्चेज प्रणाली बनी किसानों के लिये वरदान
लागत घटने से बढ़ा किसानों का मुनाफा, 48 घण्टे में किसानों के बैंक खाते में धनराशि स्थानान्तरित
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। इस वर्ष गेहूं खरीद व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव करते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने “मोबाइल पर्चेज प्रणाली” की शुरुआत की है जो जनपद गोंडा में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। इस व्यवस्था के तहत अब किसानों को गेहूं बेचने के लिए क्रय केंद्र तक आने की आवश्यकता नहीं है। सरकारी एजेंसियां किसानों के घर पहुंचकर गेहूं की खरीद कर रही हैं। जनपद में इस नवाचार को किसानों की ओर से अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है। अभी तक जनपद में कुल 57,132 कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी है जिसमें से 60 प्रतिशत खरीद मोबाइल पर्चेज प्रणाली के माध्यम से की गई है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी स्वयं किसानों के घर जाकर गेहूं की तौल कर रहे हैं और पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया भी वहीं पूरी की जा रही है। मोबाइल पर्चेज प्रणाली के अंतर्गत भुगतान सत्यापन-मुक्त है और अधिकतम 48 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में धनराशि स्थानांतरित कर दी जाती है। जनपद में कुल 113 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं किंतु मोबाइल पर्चेज व्यवस्था के चलते किसानों की केंद्रों पर निर्भरता कम हुई है और उन्हें लंबी कतारों, परिवहन लागत एवं समय की बर्बादी से मुक्ति मिली है। यह गेहूं खरीदी अभियान 15 जून 2025 तक संचालित किया जाएगा जिससे शेष किसानों को भी इस सुविधा का लाभ लेने का पर्याप्त अवसर मिल सकेगा।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा, “हमारे लिए हर किसान का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। शासन की इस पहल से अब किसानों को लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं है। हम उनके दरवाजे तक पहुंचकर गेहूं की खरीद कर रहे हैं जिससे उन्हें न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि उन्हें पारदर्शिता और शीघ्र भुगतान की सुविधा भी मिल रही है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि 15 जून तक इस प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।”
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।