मतदाता सूची होगी पूरी तरह त्रुटिरहित: मोनालिसा जौहरी
एसडीएम ने मटेरा विधानसभा के बूथों का किया निरीक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत उपजिलाधिकारी सदर मोनालिसा जौहरी ने विधानसभा क्षेत्र मटेरा के विभिन्न ग्रामों नौबस्ता, मासुपुर चौगड़वा, होलिया स्थित मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने बूथों पर तैनात बीएलओ से मतदाता सूची अद्यतन कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने अब तक प्राप्त फॉर्म-6, 7 एवं 8 का भौतिक सत्यापन किया। साथ ही जेंडर रेशियो, युवा मतदाताओं के पंजीकरण व अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा किया। उपजिलाधिकारी ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाए। मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित व अद्यतन बनाना ही मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने निर्देश दिये कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं और विशेष रूप से छूटी हुई महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का भी एसडीएम सदर मोनालिसा जौहरी ने जायजा लिया।











