मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखण्ड में हुई शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी

  • मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखण्ड में हुई शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी

  • संस्कार, आत्मविश्वास एवं व्यवहार पर हुई चर्चा

तेजस टूडे ब्यूरो
सुमलेश कुमार
खगड़िय, बिहार। जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखंड में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘संस्कारदीप: आत्मविश्वास और व्यवहार’ रहा। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई, आत्मविश्वास, व्यवहार, नैतिक शिक्षा तथा अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के कौशल पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने किया। प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने, अच्छी आदतें विकसित करने तथा घर में पढ़ाई के अनुकूल वातावरण तैयार करने की अपील किया। विद्यालय के वरीय शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने कहा कि केवल पुस्तकीय ज्ञान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पर्याप्त नहीं है। उनमें अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और बेहतर व्यवहार विकसित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। स्कूल और घर के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
शिक्षक निरंजन कुमार ने अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अच्छी आदतों और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों पर शिक्षकों के साथ नियमित चर्चा करने की महत्ता बताई। उन्होंने प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता और प्रगति पर विशेष ध्यान देने तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया। संगोष्ठी में सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों पर भी विशेष चर्चा हुई। बच्चों ने नैतिक कहानियां और लघु कविताएं प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया। अभिभाविका संगीता देवी और वीणा देवी ने कहा कि इस तरह की संगोष्ठी से अभिभावकों को भी बच्चों के व्यवहार और जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए सुरक्षित, आनंददायक, सहयोगात्मक एवं सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी बल दिया गया, ताकि प्रत्येक बच्चा बिना किसी डर या झिझक के अपनी बात रख सके और बेहतर ढंग से सीख सके। सभी शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक संजय पासवान, शिक्षक सिद्धार्थ कुमार, निरंजन कुमार, मीनाक्षी कुमारी, उत्कर्ष कुमार, सार्थक कुमार सहित अभिभावक उमा देवी, संगीता देवी, पूजा देवी, वीणा देवी, लुटन देवी, सपना देवी, श्याम सुंदर दास, पूजा कुमारी, जयहिंद दास आदि उपस्थित थे।